
जोधपुर.
अशोक उद्यान के पास सड़क पर शराब पीने से टोकने को लेकर गुस्साए दो युवकों ने एक कांस्टेबल से न सिर्फ मारपीट की बल्कि उसकी सरकार मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त कर दी। चौहाबो थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल नम्बर के आधार पर बुधवार को दोनों युवकों को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी गोविंद व्यास ने बताया कि मंगलवार शाम गश्त के दौरान सिग्मा सवार कांस्टेबल नरपतसिंह ने अशोक उद्यान के पास फुटपाथ के समीप सड़क पर दो युवकों को शराब पीने से टोका। दोनों बगैर मास्क सार्वजनिक स्थान पर खड़े थे। कांस्टेबल के टोकने से गुस्साए दोनों युवक आवेश में आ गए। वे विरोध में उतर आए और कांस्टेबल से मारपीट करने लगे। उन्होंने पत्थर मारकर सरकारी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त भी कर दी। बाद में दोनों युवक मोटरसाइकिल पर भाग गए। कांस्टेबल की तरफ से मारपीट, सरकारी बाइक क्षतिग्रस्त करने व राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया। बाइक नम्बर के आधार पर पुलिस ने बुधवार को मूलत: खींवसर थानान्तर्गत धींगसरा हाल चौहाबो थानान्तग्रत वैष्णव नगर निवासी सुनील (२०) पुत्र किशन नायक व जगदीश (३०) पुत्र परसाराम नायक को गिरफ्तार किया। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।