
जोधपुर.
जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी विभाग ठेकेदार संघ ने सोमवार को जल योजनाओं का संचालन व संधारण का कार्य बन्द कर दिया। मुख्य फिल्टर हाउस कायलाना, उम्मेद सागर, तख्तसागर में ठेकेदारों ने प्रदर्शन किया। एक बारगी जलापूर्ति गड़बड़ाने लगी तो मुख्य अभियन्ता नीरज माथुर मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद फिर से प्लांट शुरू हुए।
ठेकेदार संघ के अध्यक्ष ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत होने वाले टेंडर को बड़ा कर दिया गया है। इससे राजस्थान के समस्त ठेकेदार अयोग्य घोषित हो गए हैं। सोमवार को बन्द का पहले से ही आह्वान किया हुआ था, ऐसे में सभी ठेकेदार कायलाना पहुंचे और धरने देते हुए प्लांट बंद कर दिया। इसके बाद मुख्य अभियन्ता माथुर धरना स्थल पर पहुंचे और विभाग के सचिव राजेश यादव व मुख्यालय अभियंता आर.के मीणा से फोन पर वार्ता की। इस पर यादव ने 6 अक्टूबर के पत्र को निरस्त करने और बड़े टेंडरों के बारे में सरकार तक बात पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस पर धरना समाप्त किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमान गोदारा, उपाध्यक्ष अशोक गहलोत, महासचिव दिलीप सिंह गहलोत, सचिव मौ. शाबीर गौरी, सह सचिव सोम भट्ड, भागीरथ विश्नोई, भूपेन्द्र सिंह, सुनील विश्नोई, लखसिंह इन्दा, हरि साहु, भंवरलाल गोदारा सहित सैकड़ों ठेकेदार मौजूद थे।