जोधपुर

बालेसर क्षेत्र में गिरने लगा कोरोना पॉजिटिव का ग्राफ

बालेसर उपखंड क्षेत्र में अब कोरोना पॉजिटिव ग्राफ गिरने लगा है। बालेसर उपखंड क्षेत्र में 1 अप्रेल से अब तक करीब 25 हजार लोगों की जांच की गई।
2 min read
May 31, 2021
बालेसर क्षेत्र में गिरने लगा कोरोना पॉजिटिव का ग्राफ
बालेसर क्षेत्र में गिरने लगा कोरोना पॉजिटिव का ग्राफ

बालेसर (जोधपुर). बालेसर उपखंड क्षेत्र में अब कोरोना पॉजिटिव ग्राफ गिरने लगा है। बालेसर उपखंड क्षेत्र में 1 अप्रेल से अब तक करीब 25 हजार लोगों की जांच की गई।

इनमें 1 अप्रेल से 10 मई तक प्रतिदिन कोरोना का ग्राफ बढ़ते हुए 100 से ज्यादा पहुंच गया था। गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाने तथा गाइडलाइन का पालन करवाने एवं चिकित्सा व्यवस्था में सुधार करने से पिछले 15 मई से कोरोना पॉजिटिव ग्राफ गिरने लगा है।

राहत की सांस ली
बालेसर अस्पताल उपखंड क्षेत्र का बड़ा सामुदायिक अस्पताल होने से गांव गांव से लोग बालेसर अस्पताल में कोरोना जांच करने आते थे। प्रतिदिन 200 से 300 तक सैंपलिंग होती थी तथा लोगों की भीड़ ज्यादा होने से बालेसर अस्पताल प्रशासन ने सैंपलिंग के लिए अलग से टेंट लगाकर व्यवस्था की।

15 मई से कोरोना के लक्षण कम होने से लोगों की भीड़ भी कम हो गई है तथा प्रतिदिन 100- 125 लोग ही जांच करवाने पहुंचते हैं तथा प्रतिदिन कोरोना जांच रिपोर्ट में भी पॉजिटिव संख्या 50 से कम होने लगी है। ग्राफ कम होने से अस्पताल प्रशासन ने भी राहत की सांस ली हैं।

यह है कोरोना ग्राफ रिपोर्ट
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रईस खान मेहर ने बताया कि 15 मई को 10, 16 मई को 39, 17 मई को 64, 18 मई को 34, 19 मई को 38, 20 मई को 50, 21 मई को 63, 22 मई को 18, 23 मई को 36, 24 मई को 26, 25 मई को 02, 26 मई को 25, 27 मई को 14, 28 मई को 12 एवं 29 मई को 06 कोरोना पॉजिटिव आए है।

डेडिकेटेड हेल्थ केयर सेंटर
बालेसर अस्पताल में शुरू डेडीकेटेड कोविड-19 केयर सेंटर में कोरोना पीडि़तों की संख्या कम होने लगी है। बालेसर अस्पताल प्रभारी डॉ. राजेंद्र गर्ग ने बताया कि सेंटर शुरू करने पर 10 बेड की व्यवस्था की है लेकिन शुरुआत में सांस की तकलीफ के ज्यादा रोगी आने से वार्ड में भर्ती करने के लिए परेशानी होती थी । लेकिन 15 मई के बाद कोरोना पीडि़तों की संख्या कम हो गई है। अब इस सेंटर में प्रतिदिन दो से तीन गंभीर रोगी ही आते है।

अस्पताल में डॉ. रईस खान मेहर, डॉ राजेंद्र गर्ग, डॉ. महेंद्र कच्छावाह, डॉ. राहुल चोपड़ा , डॉ. नकता राम प्रजापत सहित चिकित्सा कर्मियों की टीम दिन रात कोरोना नियंत्रण में जुटे है।

Published on:
31 May 2021 02:36 pm