
जोधपुर। विवेक विहार थानान्तर्गत सालावास गांव में बिजली के पोल पर झण्डा लगाने को लेकर शनिवार को दो गुटों में विवाद के बाद मारपीट कर दी गई। पुलिस ने समझाइश के बाद मामला शांत कराया और दस जनों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गांव के कुछ युवक झण्डे लगा रहे थे। एक मकान के बाहर बिजली के पोल पर झण्डा लगाने लगे तो कुछ लोगों ने विरोध किया और झण्डा नहीं लगाने दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए। कुछ युवकों ने झण्डा लगा रहे धन्नाराम व कुइयाराम से मारपीट कर दी। गांव के अन्य लोग भी वहां आ गए। बुजुर्ग व्यक्ति भी मौके पर आए और युवाओं से समझाइश कर शांति करवाई।
पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाइश कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। भाजपा के वरिष्ठ नेता जसवंतसिंह बिश्नोई मौके पर आए और ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। गांव में पुलिस तैनात की गई है। मारपीट करने वाले 7-8 नामजद लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। दस जनों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।