जोधपुर

बिलाड़ा पालिका : अधिशासी अधिकारी के विवाद का हुआ पटाक्षेप

बिलाड़ा (जोधपुर) . बिलाड़ा एवं पीपाड़ नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी पद को लेकर गत कई दिन से मचे घमासान का स्वायत्त शासन विशिष्ट सचिव दीपक नंदी ने पटाक्षेप करते हुए पीपाड़ से एपीओ किए गए हरीश चंद्र गहलोत को सांचौर नगर पालिका में रिक्त पद पर भेजे जाने के आदेश जारी किए हैं।
2 min read
Oct 10, 2020
बिलाड़ा पालिका : अधिशासी अधिकारी के विवाद का हुआ पटाक्षेप
बिलाड़ा पालिका : अधिशासी अधिकारी के विवाद का हुआ पटाक्षेप

बिलाड़ा (जोधपुर) . बिलाड़ा एवं पीपाड़ नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी पद को लेकर गत कई दिन से मचे घमासान का स्वायत्त शासन विशिष्ट सचिव दीपक नंदी ने पटाक्षेप करते हुए पीपाड़ से एपीओ किए गए हरीश चंद्र गहलोत को सांचौर नगर पालिका में रिक्त पद पर भेजे जाने के आदेश जारी किए हैं। बिलाड़ा में नरेंद्र सिंह काबा एवं पीपाड़ शहर में सुरेश चंद्र शर्मा के सभी अधिकारों को बहाल कर दिया गया है।


स्थानीय निकाय विभाग के उपनिदेशक दलवीर सिंह ढड्ढा ने बताया कि गत 29 सितंबर को स्वायत्तता शासन की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश की पालना में जयपुर एपीओ नरेंद्र सिंह काबा को बिलाड़ा नगर पालिका में तथा बिलाड़ा में कार्यरत हरीशचंद्र गहलोत को पीपाड़ शहर पालिका में लगाने के साथ ही पीपाड़ के सुरेश चंद्र शर्मा को जयपुर मुख्यालय के लिए एपीओ कर दिया। लेकिन शर्मा ने जोधपुर में राजस्थान उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त कर पुन: पीपाड़ पालिका में कार्यभार ग्रहण कर लिया।

शर्मा के पीपाड़ आ जाने पर विभाग ने हरीश गहलोत को एपीओ करते हुए जयपुर में अपनी उपस्थिति देने के आदेश जारी कर दिए। गहलोत को ये आदेश नागवार गुजरे और वह भी काबा के लिए हुए आदेशों को चुनौती देते हुए राजस्थान उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश ले आए और बिलाड़ा पालिका में कार्यभार एज्यूम कर लिया। इस प्रकार बिलाड़ा पालिका में दो अधिशासी अधिकारियों की मौजूदगी से विवाद की स्थिति बन गई। जिस पर जोधपुर में निकाय उपनिदेशक दलवीर सिंह ढड्ढा ने संज्ञान लेते हुए निदेशक एवं विशिष्ट सचिव जयपुर को पत्र भेजकर विवाद का निस्तारण करने के लिए आग्रह किया।

विशिष्ट सचिव ने विवाद का यूं निकाला हल

जयपुर में विशिष्ट शासन सचिव दीपक नन्दी ने शुक्रवार दोपहर बाद उक्त विवाद का पटाक्षेप करते हुए अदालती स्थगन आदेशों का हल निकाला और हरीशचंद्र गहलोत को सांचौर नगर पालिका में रिक्त पड़े अधिशासी अधिकारी के पद पर कार्यभार ग्रहण करने के आदेश जारी किए। उसी के साथ बिलाड़ा में नरेंद्र सिंह काबा एवं पीपाड़ में सुरेश चंद्र शर्मा को अधिशासी अधिकारी पद के सभी अधिकार बहाल कर दिए। अब यह दोनों अधिशासी अधिकारी वित्तीय अधिकारों का उपयोग कर सकेंगे।

Published on:
10 Oct 2020 01:47 pm