
जोधपुर।
कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (कॉनकोर) ने देश के निर्यातकों को बड़ी राहत देते हुए समुद्री बंदरगाह से खाली कंटेनर्स मंगाने पर निर्यातकों पर लगने वाले रिपोजिशनिंग चार्ज को 50 प्रतिशत घटा दिया है। अब निर्यातकों से 1 अप्रेल से 31 मई तक खाली कंटेनर मंगाने पर आधी कीमत वसूली जाएगी। खाली कंटेनरों की कमी से जूझ रहे निर्यातकों को इससे बड़ी राहत मिलेगी । कोरोना के कारण विश्वभर में खाली कंटेनरों की किल्लत हो गई थी । भारत द्वारा चीन से आयात कम करने के कारण यह समस्या और ज्यादा बढ़ गई थी। जोधपुर से सालाना 3 हजार से अधिक कंटेनर्स दुनियाभर में निर्यात किए जाते है।
-
30 हजार रुपए से अधिक खर्च करने पड़ रहे थे
कंटेनर्स की कमी की वजह से माल समय पर भेजने की जल्दबाजी में कंटेनर्स सीधे पोर्ट से मंगाए जा रहे है, जिसके लिए एक्सपोर्टर्स को रिपोजिशनिंग के नाम पर अतिरिक्त खर्च करना पड रहा है । जोधपुर के निर्यातकों को खाली कंटेनर मंगवाने के लिए करीब 30 हजार रुपए से अधिक खर्च करने पड़ रहे थे, इससे अब थोड़ी राहत मिलेगी ।
--
माल भेजने के लिए उपलब्ध कंटेनर अधिक दरों पर मिल रहे थे, इसलिए एसोसिएशन के माध्यम से रेलमंत्री से खाली कंटेनरों के मूवमेंट पर लगने वाले चार्ज को पूरी तरह से समाप्त करने का गुहार लगाई थी। कॉनकोर के इस फैसले से निर्यातकों को राहत मिलेगी ।
डॉ भरत दिनेश, अध्यक्ष
जोधपुर हैण्डीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन
--
खाली कंटेनर्स मंगाने पर निर्यातकों को 50 फीसदी रिपोजिशनिंग चार्ज देना होगा। निर्यातकों को 31 मई तक राहत दी गई है।
आशीष तिवारी, सीनियर एक्जीक्यूटिव (मार्केटिंग)
आइसीडी भगत की कोठी, कॉनकोर