
जोधपुर.
बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र में गैस एजेंसी के पास शनिवार दोपहर एक श्रमिक ने फंदा लगाकर जान दे दी। प्रारम्भिक जांच व परिजन को सूचित कर शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस ने बताया कि मूलत: नागौर में मुवाना हाल बोरानाडा में गैस एजेंसी के पास निवासी नंदकिशोर (28) पुत्र रामेश्वरलाल रैगर अपने साले के साथ किराए के कमरे में रहता था। दोनों एक फैक्ट्री में काम करते थे। सुबह नंदकिशोर ने साले नाथूराम को काम पर फैक्ट्री भेज दिया, जबकि खुद नहीं गया। उसने दोपहर 12 बजे टिफिन फैक्ट्री पहुंचाने का भरोसा दिलाया था। दोपहर में जब टिफिन फैक्ट्री नहीं पहुंचा तो वह कमरे पहुंचा, लेकिन दरवाजा बंद मिला। काफी आवाज के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस मौके पर बुलाई गई। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खोला तो नंदकिशोर पंखे पर फंदे से लटका मिला। उसे नजदीक स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन को सूचित कर पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया। साले की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज किया गया। मृतक पारिवारिक कारणों से परेशान था और शराब भी पीता था।