जोधपुर

साहब, हत्या हुई हैं निष्पक्ष जांच करवाओ, ताकि मिले न्याय

भोपालगढ़ में युवक का शव मिलने का मामला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
2 min read
Nov 10, 2020
साहब, हत्या हुई हैं निष्पक्ष जांच करवाओ, ताकि मिले न्याय
साहब, हत्या हुई हैं निष्पक्ष जांच करवाओ, ताकि मिले न्याय

भोपालगढ़, (जोधपुर). घर से मोबाइल रिचार्ज करवाने की बात कहकर निकले कस्बे के पीलाबास निवासी युवक महेन्द्र पुत्र डांवरराम मेघवाल का शव रविवार की अलसुबह स्थानीय शिम्भेश्वर तालाब की पाळ पर औंधेमुंह पड़ा मिलने और उसकी जेब से एक लाइन का सुसाइड नोट निकलने का मामला अब तूल पकडऩे लगा है और मृतक की पत्नी द्वारा मर्ग दर्ज करवाए जाने के बाद मंगलवार को भारत एकता मिशन भीम आर्मी सेना के कार्यकर्ताओं ने महेन्द्र की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए क्षेत्रीय उपजिला कलक्टर सुखाराम पिण्डेल को ज्ञापन सौंपकर तत्काल व निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। वहीं मृतक के परिजनों ने भी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश जाखड़ की अगुवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्रकुमार खदाव से मिलकर महेन्द्र को पिछले कुछ समय से धमकियां मिलने एवं उसकी हत्या किए जाने आशंका जताते हुए न्यायोचित कार्यवाही की मांग की है।
कस्बे के शिम्भेश्वर तालाब की पाळ पर युवक महेन्द्र मेघवाल का शव मिलने के मामले को लेकर भारत एकता मिशन भीम आर्मी सेना के तहसील अध्यक्ष श्रवण मेहरा की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ता मंगलवार को उपखण्ड कार्यालय पहुंचे और महेन्द्र की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए क्षेत्रीय उपजिला कलक्टर सुखाराम पिण्डेल को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच करने की पुरजोर मांग की। इस दौरान भीम आर्मी ने ज्ञापन में बताया कि बीते रविवार को स्थानीय शिम्भेश्वर तालाब की पाल पर संदिग्ध अवस्था में महेंद्र मेघवाल का शव मिला था। जिसको लेकर उसके परिजनों से जानकारी मिली है, कि पिछले करीब एक माह से महेन्द्र को ओस्तरां निवासी बलदेव पुत्र मांगीलाल मेघवाल द्वारा जान से मारने की धमकियां दी जा रही थी। साथ ही महेन्द्र की जेब से एक लाइन का सुसाइड नोट मिलना भी इसलिए शक पैदा कर रहा है, कि मृतक बिल्कुल ही अनपढ़ था और अपने हस्ताक्षर तक करना भी नहीं जानता था। इसके साथ ही उसके परिवार में भी किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं थी। ऐसे में महेन्द्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात गले उतरने वाली नहीं मानते हुए भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने युवक की हत्या किए जाने की भी आशंका जताई और इस मामले को हत्या के एंगल से भी जांच करते हुए त्वरित कार्यवाही करने की माग की। इस दौरान भारत एकता मिशन भीम आर्मी भोपालगढ़ तहसील अध्यक्ष श्रवण मेहरा के साथ एसएफआइ के जिला उपाध्यक्ष अनुज परिहार, महेंद्र, आतिफ सिकन्दर, रमेश कटारिया, माधाराम, ऊंकार, लादूराम, जितेंद्र व दिनेश धतरवाल समेत कई युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Published on:
10 Nov 2020 10:16 pm