- आपसी विवाद में युवक पर जानलेवा हमले का मामला
जोधपुर.
प्रतापनगर सदर थाना पुलिस ने संजय गांधी कॉलोनी में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में नौ दिन बाद दो युवकों को गिरफ्तार किया। तीन अन्य अभी भी फरार हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम रविन्द्र बोथरा ने बताया कि संजय गांधी कॉलोनी गली-2 निवासी धीरज पंवार गत 11 नवम्बर की रात मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। वह मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। घर से थोड़ा पहले गली में मुड़ते ही अंशु चंदेल व पांच-छह अन्य युवकों ने उसे रोका था और फिर धारदार हथियार से उस पर जानलेवा हमला कर दियाथा। इससे उसके कान से मुंह तक चेहरा कट गया था हमले के बाद आरोपी भाग गए थे। घायल अभी भी अस्पताल में भर्ती है। उसकी मां ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया था। आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने तलाश के बाद गुरुवार को संजय गांधी कॉलोनी गली-2 निवासी लक्ष्य उर्फ अंशु चंदेल 18 पुत्र भूपेन्द्र जीनगर और गली-1 निवासी लोकेश उर्फ लक्की 24 पुत्र मनीष सोनगरा को गिरफ्तार किया गया। हमले में तीन अन्य युवक भी शामिल थे। जो अभ्ज्ञी तक पकड़े नहीं जा सके हैं।
घायल के परिजन का आरोप है कि आरोपी खुले घूम रहे हैं। वे राजीनामा करने के लिए डरा व धमकाकर दबाव डाल रहे हैं।इस संबंध में पुलिस को भी अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक सभी आरोपी पकड़े नहीं गए हैं। घायल धीरज अस्पताल में भर्ती है। मुंह से कान तक टांके आए हैं। वह खाना तक नहीं खा पा रहा है।