जोधपुर

घरवाले सोते रहे, दरवाजा तोड़ घुसे चोरों ने आभूषण व रुपए चुराए

- चौपासनी में शिक्षक कॉलोनी के पास बुद्ध नगर में सब्जी व्यवसायी के घर वारदात- कूलर चलने की वजह से घरवालों को पता
less than 1 minute read
Jul 28, 2021
घरवाले सोते रहे, दरवाजा तोड़ घुसे चोरों ने आभूषण व रुपए चुराए
घरवाले सोते रहे, दरवाजा तोड़ घुसे चोरों ने आभूषण व रुपए चुराए

जोधपुर.
राजीव गांधी नगर थानान्तर्गत चौपासनी में शिक्षक कॉलोनी के पास बुद्ध नगर के प्रेम विहार में मुख्य दरवाजा तोड़कर एक मकान में घुसे चोरों ने सोमवार मध्यरात्रि लाखों के सोने-चांदी के आभूषण व हजारों रुपए चुरा लिए। वारदात के दौरान घरवाले मकान में ही सो रहे थे, लेकिन वारदात का पता नहीं लग पाया।

पुलिस के अनुसार बुद्ध नगर के प्रेम विहार निवासी भंवरलाल माली के मकान में चोरी हुई है। दम्पती छत पर और बच्चे घर के अंदर कमरे में कूलर चलाकर सोए थे। जबकि माता-पिता मकान के एक अन्य हिस्से में सो रहे थे। मध्यरात्रि चोर मुख्य दरवाजा तोड़कर मकान में घुसे। चौक के बाद एक कमरे में कूलर लगा था, लेकिन कमरे का दरवाजा खुला था। चोर उस कमरे में घुसे और अलमारी से चार तोला सोना, सौ तोला चांदी के आभूषण व दस हजार रुपए चुरा लिए। वहीं, मकान के दूसरे हिस्से में सो रहे माता-पिता के कमरे से चोरों ने लोहे के बक्से से चांदी के जेवर चुरा लिए।
घरवाले मंगलवार सुबह उठे तो अलमारी व बक्से खुले व सामान बिखरा देखा। तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आस-पास तलाश की, लेकिन चोरों का सुराग नहीं मिल पाया। थानाधिकारी मूलसिंह का कहना है कि चोरी का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

कूलर में दवा डालकर बेहोश करने का अंदेशा
सब्जी का व्यवसाय करने वाले भंवरलाल माली का पूरा परिवार वारदात के दौरान घर में ही सो रहा था। कूलर भी चालू था। दरवाजा तोडऩे व अलमारी से जेवर चुराने के बावजूद किसी को भी आवाज तक नहीं आई। एेसे में अंदेशा है कि कूलर में बेहोशी की दवा मिलाकर घरवालों को बेहोश कर दिया होगा अथवा कूलर की आवाज से चोरों की आहट नहीं हो पाई। हालांकि पुलिस ने बेहोश करने के बाद चोरी से इनकार किया है।

Published on:
28 Jul 2021 12:56 am