
जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने गुड़ा बिश्नोइयान गांव में डूडियों की ढाणी स्थित मकान में चार वर्षीय मासूम पुत्र की हत्या करने के मामले में बुधवार को आरोपी पिता को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी मनीष देव के अनुसार गत 31 अक्टूबर की रात मैनादेवी व पति बंशीलाल बिश्नोई में झगड़ा हुआ था। पत्नी से मारपीट की गई थी। इस दौरान बंशीलाल ने अपने चार वर्षीय पुत्र आर्यन की डण्डे से पिटाई शुरू कर दी थी। उसने पुत्र का मुंह दबा रखा था। जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई थी। एम्स में इलाज के दौरान आर्यन की मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में जांच व पूछताछ के बाद बुधवार को डूडियों की ढाणी निवासी बंशीलाल (25) पुत्र जवरीलाल बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया।
मुंह दबाने से दब गई थी पुत्र की आवाज
पुलिस का कहना है कि झगड़े के दौरान घर में बंशीलाल व उसकी पत्नी मैनादेवी के साथ बंशीलाल की बहन यानि मृतक की बुआ भी मौजूद थी। पत्नी से झगड़े के बाद आरोपी ने पुत्र पर गुस्सा निकाला था। उसे पहले डण्डे पीटा था और फिर मुंह भी दबा दिया था।