जोधपुर

पुत्री के गायब होने के सदमे में पिता ने जहर खाकर दी जान

- मण्डोर उद्यान के ऊपर पहाडि़यों में मंदिर के पास मिला शव

less than 1 minute read
Aug 14, 2020
पुत्री के गायब होने के सदमे में पिता ने जहर खाकर दी जान

जोधपुर. मण्डोर उद्यान के ऊपरी हिस्से में पहाड़ी पर माता के मंदिर के पास गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिला। पास ही मिली शराब की बोतल व जहर की डिब्बियों से पुलिस को अंदेशा है कि एक दिन पहले पुत्री के घर से गायब होने के सदमे की वजह से उसने जहर खाकर आत्महत्या की।

उप निरीक्षक दौलाराम ने बताया कि रातानाडा थाना क्षेत्र निवासी ४५ वर्षीय एक व्यक्ति अपने भाई के साथ गुरुवार सुबह घर से गायब होने वाली पुत्री की तलाश में निकले थे। दोपहर में वह व्यक्ति भाई से अलग हो गया। शाम तक न आने पर उनकी भी तलाश शुरू की गई। मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला। घरवालों ने पिता व पुत्री के गायब होने के संबंध में थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। इस बीच, गुरुवार सुबह मण्डोर की पहाडि़यों पर माता का मंदिर के पास उनका शव मिला।

साफ-सफाई करने के लिए आए पुरातत्व विभाग के कर्मचारियों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। शव के पास मोबाइल के नीचे मण्डोर उद्यान में मोपेड पार्र्किंग की स्लिप मिली। उस पर लिखे वाहन नम्बर से रातानाडा थाना और परिजन को सूचना दी गई। परिजन मौके पर आए और शव की शिनाख्त की। कोविड-१९ जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर शाम को पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा गया।

शराब की आधी बोतल व जहर की दो डिब्बियां मिली
मृतक के पास ही शराब की एक खाली बोतल के साथ-साथ जहर की दो डिब्बियां भी मिली। जहर की एक डिब्बी खाली थी तो दूसरी आधी भरी थी। इसके अलावा सल्फॉस की गोलियां भी मिलीं। पुलिस को अंदेशा है कि बुधवार रात शराब के साथ जहर खाने से उसकी मृत्यु हुई है।

Published on:
14 Aug 2020 12:59 pm
Also Read
View All