
जोधपुर. शहर में दो सरकारों के गठन के बाद दो नई महिला मुखिया मिलने में अब सोमवार को एक दिन शेष है। लेकिन राजनीतिक पेच दक्षिण में ही फंसता नजर आ रहा है। निर्दलीय प्रत्याशी के नाम पर पांच से सात क्रॉस वोटिंग का भय भी बना हुआ है। लेकिन कांग्रेस की ओर सभी दांव लगाए जा रहे हैं लेकिन निश्चित कोई भी नहीं है।
---
तीन को अपने खाते में किए, पांच पर अब भी संशय
जोधपुर.
नगर निगम उत्तर में बहुमत मिलने के बाद जितनी निश्चित कांग्रेस है उतनी बहुमत मिलने के बाद दक्षिण में भाजपा नजर नहीं आ रही। तीन निर्दलीयों को कब्जे में करने के बाद पीछे बचे पांच निर्दलीयों के कारण समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। ये पांच फिलहाल भाजपा के सम्पर्क में नहीं हैं। कांग्रेस से नजदीकी ने भाजपा की नींद उड़ा रखी है।
दूसरी ओर निर्दलीय प्रत्याशी जो दक्षिण में महापौर पद के लिए हैं, उसके नाम पर भाजपा में भितरघात कर क्रॉस वोटिंग करवाई जा सकती है। भाजपा इस खतरे से वाकिफ है। इसीलिए बाड़ाबंदी स्थल पर शिफ्ट में बड़े नेताओं की मौजूदगी सुनिश्चित की हुई है। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्नचन्द मेहता, जिलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी, पूर्व महापौर घनश्याम ओझा, जिला महामंत्री महेंद्र मेघवाल, पूर्व उप महापौर देवेंद्र सालेचा बाड़ाबंदी स्थल पर मौजूद हैं।
महिलाओं ने लगाई मेहंदी, बनाए पकवान
भाजपा के बाड़ाबंदी स्थल अम्बाजी में महिला पार्षदों ने रविवार को पकवान बनाए और हाथों में एक-दूसरे के मेहंदी रचाई।
::::::::::::::::::::::::::::::::
कांग्रेस को भय, कहीं बहकावे में न आ जाए नए चेहरे
जोधपुर. कांग्रेस में पहली बार 80 से ज्यादा पार्षद नेता बने हैं। इनमें 40 से ज्यादा नए चेहरे है। जिन्हें राजनीति का अनुभव नहीं है। कांग्रेस के आलाकमान को भय हैं कि ऐसे पार्षद भाजपा की बातों में पड़ कई क्रॉस वोटिंग नहीं डाल दे। भाजपा इन चेहरों को जाल में फंसा सकती है। इसी बात के भय को लेकर कांग्रेस उत्तर-दक्षिण में महापौर पद के उम्मीदवार तय कर जोधपुर से कांग्रेसी पार्षदों को लेकर निकल पड़ी। सफर में हंसी-मजाक करते चेहरों पर कांग्रेस उनके भावों और फोन पर रिश्तेदारों से की जा रही बातचीत पर विशेष ध्यान दे रही है।
इसके लिए कांग्रेस ने अपने दूसरे कार्यकर्ता भी साथ भेज रखे हैं। जानकारी अनुसार अब कांग्रेसी पार्षद पाली और जोधपुर के आसपास कहीं भी रूक सकते हैं। ये पार्षद सोमवार देर रात या मंगलवार अलसुबह तक जोधपुर पहुंचेंगे। हालांकि पार्षद अपने स्थानों पर साथियों व फैमेली के साथ एंजॉय भी खूब कर रहे हैं। जिसकी फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उत्तर के पार्षद कुंभलगढ़ और दक्षिण के पार्षद जैसलमेर यात्रा कर रहे हैं।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
नहीं थम रहा राजपुरोहित समाज का आक्रोश
जोधपुर. भाजपा के विरुद्ध राजपुरोहित समाज का आक्रोश नहीं थम रहा। दक्षिण से भाजपा के महापौर प्रत्याशी इंद्रा राजपुरोहित को नहीं बनाए जाने पर 12वी रोड चौराहे पर राजपुरोहित युवा विकास मंच ने प्रदर्शन किया। केन्द्रीजल शक्ति मंत्री व संगठन पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए।