जोधपुर

सेना में जवान के पुत्र से एेसी वारदात, सकते में परिवार

- रुपए न निकलने पर एटीएम कार्ड बदल खाते से निकाले २.०५ लाख रुपए- मदद के बहाने पहले पांच हजार निकालकर दिए, फिर कार्ड बदला- सेना में जवान के नाबालिग पुत्र से बनाड़ क्षेत्र में वारदात- दस दिन बाद दुबारा एटीएम पहुंचने पर वारदात का पता लगा
2 min read
Sep 26, 2018
fruad with army soldier's son
सेना में जवान के पुत्र से एेसी वारदात, सकते में परिवार


जोधपुर.
लेह लद्दाख में पदस्थापित सेना के एक जवान के नाबालिग पुत्र को झांसे में लेकर बनाड़ में एसबीआई एटीएम में दो जनों ने पहले एटीएम कार्ड बदला और फिर शहर के तीन-चार एटीएम से दस दिन में २.०५ लाख रुपए निकाल लिए। फौजी का पुत्र दस दिन बाद दुबारा एटीएम गया और रुपए न निकलने पर बैंक पहुंचा तो उसे वारदात का पता लगा। बनाड़ थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की तलाश शुरू की है।

उप निरीक्षक प्रहलाद सिंह ने बताया कि जाजीवाल जम्भेश्वर में विश्नोइयों की ढाणी निवासी सुखराम विश्नोई सेना में जवान है और लेह लद्दाख में पदस्थापित है। उसने अपना पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम कार्ड घरवालों को उपयोग के लिए दे रखा है। गत ११ सितम्बर को उसका पन्द्रह वर्षीय पुत्र रामेश्वर एटीएम कार्ड लेकर बनाड़ स्थित एसबीआई के एटीएम गया, लेकिन उससे राशि नहीं निकली। तब वहां पहले से मौजूद दो युवकों ने मदद की पेशकश की। उन्होंने उसे पांच हजार रुपए निकालकर दे दिए। इस दौरान उन्होंने झांसे में लेकर नाबालिग से एटीएम कार्ड बदलकर पीएनबी का दूसरा एटीएम कार्ड दे दिया।
रामेश्वर अपने घर चला गया और दोनों युवक भी मोटरसाइकिल पर वहां से निकल गए। गत २१ सितम्बर को रामेश्वर फिर से एटीएम गया और रुपए निकालने लगा, लेकिन उसमें से राशि नहीं निकली। तब वह बैंक गया और जानकारी ली तो पता लगा कि खाते से किसी ने २.०५ लाख रुपए निकाल लिए हैं। जो गत ११ सितम्बर से अब तक निकले हैं। उसने अपना एटीएम कार्ड दिखाया तो वह दूसरा निकला। अंदेशा है कि ११ सितम्बर को दोनों युवकों ने मदद के बहाने उसके पासवर्ड भी देख लिए और फिर कार्ड भी बदल दिया। इसके बाद उन्होंने डांगियावास, रातानाडा, बनाड़ व अन्य क्षेत्रों से यह राशि निकाल ली। शिकायत मिलने पर पुलिस ने संबंधित एटीएम से संदिग्ध युवकों के फुटेज निकलवाए और उस आधार पर तलाश शुरू की।

Published on:
26 Sept 2018 12:51 am