जोधपुर

मोबाइल में गेम के एेप डाउनलोड करवाकर खिला रहे जुआ

- एक युवक गिरफ्तार
less than 1 minute read
Sep 23, 2020
मोबाइल में गेम के एेप डाउनलोड करवाकर खिला रहे जुआ
मोबाइल में गेम के एेप डाउनलोड करवाकर खिला रहे जुआ

जोधपुर.
केसीनो और कम्प्यूटर पर ऑनलाइन जुए के बाद बदमाशों ने आमजन से गाढ़ी कमाई एेंठने के लिए मोबाइल में गेम की मदद से जुआ खिलाना शुरू कर दिया। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने डाली बाई मंदिर के पास मोबाइल पर गेम डाउनलोड करवाकर जुआ खिला रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। उससे मोबाइल भी जब्त किया गया।

थानाधिकारी लिखमाराम ने बताया कि डाली बाई मंदिर चौराहा स्थित प्याऊ की सीढि़यों में एक युवक के मोबाइल में गेम के एेप डाउनलोड करवाकर जुआ खेलने की सूचना मिली। जो अंकों से हार-जीत के आधार पर रुपए का लेन-देन कर रहा है। गेम खेलने वाले के हारने पर उससे रुपए वसूलता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सूरसागर क्षेत्र में पुरानी भाखरी बास निवासी लक्ष्मण पुत्र बालूराम मेघवाल को पकड़ लिया। मोबाइल की तलाशी लेने पर फनगेम एेप डाउनलोड पाया गया। उसे अन्य युवकों के मोबाइल में डाउनलोड करवा गेम के मार्फत जुआ खिला रहे थे। पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लक्ष्मण मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया।
जेण्डर से मोबाइल में डाउनलोड करा खिला रहे थे जुआ

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने मोबाइल में फन गेम एेप डाउनलोड कर रखा है। जिसे वह दूसरे युवकों के मोबाइल में जेण्डर से ट्रांसफर कर डाउनलोड कराता है। उससे कुछ राशि अग्रिम ले ली जाती है। साथ ही आइडी व पासवर्ड देकर गेम खिलाए जाते हैं। बदले में उसे पॉइंट मिलते हैं। पॉइंट के आधार पर जीतने पर उसे राशि दे दी जाती है। जबकि हारने पर उसकी ओर से दी अग्रिम राशि में से काट ली जाती है।

Published on:
23 Sept 2020 06:15 am