
जोधपुर. संभाग के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को बादलों की आवाजाही से उमस भरा मौसम बना रहा। काले बादलों को आसमां में देखकर बरसात की आस लगाए बैठे अधिकांश मारवाडिय़ों को निराशा ही हाथ लगी। जोधपुर का फलोदी 39.6 डिग्री के साथ सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है जबकि पूर्वी हिस्से में कई भागों में भारी बारिश की पूर्वानुमान जताया गया है।
सूर्यनगरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही हवा में 94 प्रतिशत आद्र्रता थी और हवा मंद थी जिसके कारण उमस भरा मौसम हो गया। बारिश की उम्मीदें सुबह से ही फीकी नजर आने लगी। दिन चढऩे के साथ उमस का असर बढऩे लगा। शहरवासी पसीना-पसीना होने लगे। दोपहर में तापमान 32.7 डिग्री था लेकिन उमस ने हलकान किए रखा।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 28.4 व अधिकतम 38 डिग्री मापा गया। बाड़मेर में रात का पारा 28.3 व दिन का 36.8 डिग्री रहा।