Car-Bike Accident In Tonk: देवली में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और मोटरसाइकिल की भिड़ंत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में दादा-पोते की मौत हो गई, जबकि महिला और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं।
देवली। राष्ट्रीय राजमार्ग पर धंधोली मोड़ पर गुरुवार को कार और मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर में दादा और पोते की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में 70 वर्षीय महिला और 10 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी जयपुर से पारिवारिक गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव बालापुरा, निवारिया लौट रहे थे।
दूनी थाने के सहायक उपनिरीक्षक बद्रीलाल यादव ने बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे जयपुर की ओर से आ रही कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और कार उसे कुछ दूरी तक घसीटती ले गई। मौके पर ही 12 वर्षीय अमन पुत्र शिवचरण गुर्जर की मौत हो गई।
उसके दादा 62 वर्षीय बन्ना लाल पुत्र गोपी, 70 वर्षीय हगामी देवी और 10 वर्षीय साक्षी घायल हो गए। घायलों को उपजिला अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें कोटा रेफर किया गया। रास्ते में ही घायल बन्ना लाल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
यह वीडियो भी देखें
निवारिया प्रशासक मुकेश मीणा और जयपुर रोड कॉलोनी के पड़ोसी सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि मृतक बन्ना लाल के पुत्र हंसराज के गृह प्रवेश कार्यक्रम में सभी परिजन शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद गांव लौटते समय हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।