
मोहनगढ़ क्षेत्र में बुधवार रात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसा मोहनगढ़ से करीब 12 किलोमीटर पहले मण्डाऊ फांटे के पास हुआ। जानकारी के अनुसार माणकराम पुत्र नखतुराम भील (62) निवासी मोहनगढ़ एवं मोहनगढ़ कब्बाड़ का कार्य करने वाले बाबूलाल पुत्र मिश्रीलाल खटीक (62), निवासी जैसलमेर बाइक पर सवार होकर जैसलमेर से मोहनगढ़ की ओर आ रहे थे। इस दौरान मण्डाऊ फांटे के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाबूलाल के पेट, जांघ और सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि माणकराम भी घायल हो गए। मौके से गुजर रहे मोहनगढ़ पंचायत समिति के अतिरिक्त विकास अधिकारी हरिराम चौहान ने दोनों घायलों को लेकर अपनी गाड़ी से मोहनगढ़ की ओर रवाना किया। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने पर घायलों को जैसलमेर के लिए रवाना किया गया, लेकिन बीच रास्ते में ही बाबूलाल ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मोहनगढ़ थानाधिकारी बाबूराम के निर्देश में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। मृतक का शव जैसलमेर के जवाहर चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। गुरुवार सुबह मोहनगढ़ पुलिस टीम के जैसलमेर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
19 Feb 2026 08:48 pm
Published on:
19 Feb 2026 08:48 pm
