
पत्रिका फोटो
Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास 17 फरवरी को एक संदिग्ध युवक पकड़ा गया था। इस मामले में की गई पूछताछ से नया मामला सामने आया है। यह युवक तेलंगाना का रहने वाला बताया जा रहा है और इसका नाम अशफाक हुसैन (38) है।
यह मंगलवार को जैसलमेर के म्याजलार इलाके में उस प्रतिबंधित क्षेत्र में घूमते हुए पाया गया, जहां आम लोगों का जाना पूरी तरह बंद है। स्थानीय सीमाजन कल्याण समिति के सदस्य भोजराज सिंह और भाखर सिंह ने इस युवक को गुंजनगढ़ के पास संदिग्ध हालत में घूमते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी थी।
इसके बाद BSF ने उसे हिरासत में लिया और म्याजलार पुलिस को सौंप दिया था।
पूछताछ में अशफाक हुसैन ने बताया कि उसने तेलंगाना में होटल का व्यवसाय शुरू करने के लिए राजेश चौधरी नाम के एक व्यक्ति को 25 लाख रुपए दिए थे। लेकिन राजेश पैसे लेकर फरार हो गया। जब अशफाक को पता चला कि राजेश जैसलमेर के सम इलाके में छिपा है, तो वह उसे ढूंढने निकला और रास्ता भटककर प्रतिबंधित सीमा क्षेत्र में पहुंच गया।
अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां राजेश चौधरी की तलाश कर रही हैं और दोनों के बीच हुए आर्थिक लेनदेन की सच्चाई जानने की कोशिश कर रही हैं।
अशफाक के पास से पासपोर्ट भी बरामद हुआ है। उसने बताया कि वह पहले दुबई में अपने चाचा के होटल में काम करता था और बाद में तेलंगाना लौट आया। इस दुबई कनेक्शन ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
उसके विदेश यात्रा के सारे रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। अब संयुक्त जांच कमेटी (JIC) इस पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।
सुरक्षा एजेंसियां इस बात की तहकीकात कर रही हैं कि एक आम नागरिक इतने संवेदनशील बॉर्डर इलाके तक आखिर पहुंचा कैसे गया?
Published on:
19 Feb 2026 01:22 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
