
जैसलमेर के एक प्रतिष्ठित मिठाई कारोबारी के कारखाने पर रसद विभाग की ओर से बुधवार को दी गई दबिश में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जब्त किए गए। विभाग की इस कार्रवाई से अन्य मिठाई विक्रेताओं सहित गैस का उपयोग वाले अन्य दुकानों के संचालकों में हडक़म्प मच गया।
जिला रसद अधिकारी रामसिंह मीणा ने बताया कि शहर के अचलवंशी कॉलोनी स्थित मिठाई के कारखाने पर दी गई दबिश में 77 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। सभी सिलेंडर जब्त किए गए हैं और अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। जब्त किए गए सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में काम आने वाले हैं। उन्होंने बताया कि नियमानुसार कोई भी व्यापारी अपने यहां अधिकतम 5 सिलेंडर या 100 किलो से ज्यादा गैस का भंडारण नहीं रख सकता। इस मामले में सीमा से कहीं अधिक संख्या में सिलेंडर पाए गए हैं। इस अवसर पर पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा। गौरतलब है कि इस मिठाई कारोबारी की शहर में कई जगहों पर दुकानें संचालित होती हैं।
इस मामले में जब रसद अधिकारी से पूछा गया कि, क्या यह कार्रवाई किसी की शिकायत के आधार पर की गई है, इस पर उन्होंने कहा कि यह नियमित अभियान का हिस्सा है। नियम विरुद्ध सिलेंडर रखे जाने के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Updated on:
18 Feb 2026 08:44 pm
Published on:
18 Feb 2026 08:43 pm
