
पोकरण क्षेत्र के रामदेवरा गांव में शुक्ल पक्ष की द्वितीया पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। विशेष रूप से गुजरात से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों पर न तो नंबर प्लेट है, न ही गति पर लगाम होती है। यही नहीं इनके शीशे भी काले करवाए होते है। यातायात नियमों की खुलेआम उड़ती धज्जियों के विरुद्ध कोई कवायद नहीं की जा रही है। गौरतलब है कि प्रतिमाह शुक्ल पक्ष की द्वितीया को रामदेवरा में श्रद्धालुओं की दर्शनों के लिए भीड़ उमड़ती है। इनमें 70 प्रतिशत श्रद्धालु गुजरात से आते है और उनमें 50 प्रतिशत श्रद्धालु अपने स्वयं के वाहन लेकर आते है। इन वाहनों पर नंबर लिखे ही नहीं होते है। नंबर प्लेट हटाकर अपने नाम, बाबा रामदेव के नाम आदि लिख दिए जाते है। करीब 500 किलोमीटर से अधिक के सफर के बावजूद इन्हें यातायात पुलिस या परिवहन विभाग की ओर से नहीं टोका जा रहा है। ऐसे में किसी संदिग्ध गतिविधि की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।
बाबा रामदेव की समाधि के दर्शनों के लिए वर्षभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। द्वितीया को विशेष मेला भरता है और 2 से 3 लाख श्रद्धालु यहां पहुंचते है। इन श्रद्धालुओं के वाहन देखें तो नंबर प्लेट गायब रहती है। जबकि सरकार व परिवहन विभाग की ओर से वाहनों के नंबर लिखवाना अनिवार्य कर दिया गया है। रामदेवरा आने वाले श्रद्धालुओं के आधे से अधिक वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगी होती है। सरकार की ओर से काली फिल्म प्रतिबंधित की गई है, ताकि अंदर बैठे व्यक्ति की पहचान हो सके। दूसरी तरफ काली फिल्म लगे वाहनों को कोई रोक-टोक नहीं होती है।
गुजरात से रामदेवरा तक 500 किलोमीटर से अधिक सफर के दौरान वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते है, जबकि हाई-वे पर 80 की स्पीड ही मान्य है। तेज गति से वाहन भगाने पर अब ऑनलाइन चालान की भी सुविधा हो गई है। चालान के डर से चालक वाहन से नंबर प्लेट हटाकर नाम या कोई लोगो लगा देते है।
गुजरात से रामदेवरा तक आने में दर्जनों पुलिस थाने, चौकियां, चैक पोइंट के साथ परिवहन विभाग के नाकों से भी गुजरना पड़ता है। बावजूद इसके पुलिस या परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी इन वाहनों को रोकने की जहमत नहीं उठाते है। प्रतिमाह द्वितीया को लगने वाले मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचते है। ऐसे में श्रद्धालुओं की आड़ में कोई अपराधिक प्रवृति के लोग, समाजकंटक, हार्डकोर अपराधी भी फायदा उठाकर पुलिस को चकमा देकर निकल सकता है।
Published on:
18 Feb 2026 08:23 pm
