
भाजपा का बूथ मैनेजमेंट पर ध्यान, सारी जानकारी एक क्लिक पर मिलेगी
जोधपुर. भारतीय जनता पार्टी अपने बूथ मैनेजमेंट को हाईटेक बना रही है। आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हाईटेक कैंपेन के लिए तैयार हो रही भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की पूरी जानकारी सरल ऐप पर रहेगा। शक्ति केंद्रों की पूरी डिटेल सरल ऐप पर अपलोड की गई है। बूथ समितियों की पूरी जानकारी भी इस ऐप पर रहेगी।
शक्ति केंद्र
भाजपा ने जोधपुर शहर के तीन विधानसभा क्षेत्र जोधपुर शहर, सूरसागर तथा सरदारपुरा में 91 शक्ति केंद्र स्थापित किए हैं। इनके संचालन के लिए एक अध्यक्ष, एक प्रभारी और एक संयोजक नियुक्त किया गया है। अभी तक इन शक्ति केंद्रों पर 275 कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपा जा चुका है। शहर में 595 बूथ पर अध्यक्ष नियुक्त किए जा चुके हैं।
भाजपा का बूथ मैनेजमेंट
- 614 बूथ अध्यक्ष जोधपुर शहर, सरदारपुरा और सूरसागर विधानसभा क्षेत्र में।
- 21 सदस्य अध्यक्ष सहित हर बूथ समिति में मनोनीत।
- 60 मतदाताओं पर एक पन्ना प्रमुख।
- 12,500 पन्ना प्रमुख।
- 12,500 बूथ समिति सदस्य।
-------------------------
हाईटेक कार्यकर्ता
भाजपा के सरल ऐप पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की पूरी जानकारी अपलोड की जा रही है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को समुचित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हर मतदाता से सीधा संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। हर मतदाता को मतदान केंद्र तक लाने और भाजपा के पक्ष के मतदाता के लिए प्रेरित करने का काम भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता कर रहे हैं। इस काम में सूचना तकनीक का भी सहयोग ले रहे हैं।
- देवेंद्र सालेचा, शहर जिला भाजपा अध्यक्ष