
जोधपुर. मानसून सुस्त पडऩे से मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को उमस भरा मौसम रहा। तपिश से लोग परेशान रहे। अगले दो-तीन में बारिश की उम्मीद कम ही है। मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहांत फिर से बरसाती बादलों का मौसम बनेगा। ऐसे में शनिवार व रविवार को बरसात की उम्मीद है।
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही धूप निकली रहने व अत्यधिक नमी के कारण उमस भरा वातावरण रहा। दिन चढऩे के साथ तीखी धूप से गर्मी बढ़ती गई। दोपहर में पारा 36.7 डिग्री रहा लेकिन उमस लोगों को परेशान करती रही। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। फलोदी में रात का पारा 31.4 व दिन का 37.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
बाड़मेर और जैसलमेर भी उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। वहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 27.9 व 26.7 और अधिकतम 38.3 व 38.5 डिग्री रहा। प्रदेश के बीकानेर और श्रीगंगानगर में ही तापमान चालीस डिग्री के पार रहा। बीकानेर में 40 व श्रीगंगानगर में 40.4 डिग्री मापा गया।