जोधपुर

आइआइटी: एक चौथाई छात्र कैंपस से, तीन चौथाई घर से पढ़ेंगे

IIT Jodhpur -इस साल से लगेगी हाइब्रिड क्लास- बीटैक थर्ड ईयर में आने वाले छात्र इस साल से पहली बार स्पेशलाइजेशन कोर्स ले पाएंगे- ट्राई सेमेस्टर को बाई सेमेस्टर में बदला, कोविड की वजह से फीस में 25 प्रतिशत कटौती
2 min read
आइआइटी: एक चौथाई छात्र कैंपस से, तीन चौथाई घर से पढ़ेंगे
आइआइटी: एक चौथाई छात्र कैंपस से, तीन चौथाई घर से पढ़ेंगे

जोधपुर. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) जोधपुर का नया शैक्षणिक शुक्रवार से शुरू हो गया। इस साल आइआइटी ने कक्षाओं को हाईब्रिड मोड (ब्लेंडेड मोड) पर चलाने का नया प्रयोग शुरू किया है यानी ऑनलाइन के साथ-साथ समानांतर रूप से ऑफलाइन क्लास भी होगी। प्रत्येक कक्षा के एक चौथाई विद्यार्थियों को कैंपस बुलाया जाएगा। शेष तीन चौथाई घर से ही ऑनलाइन कक्षा में जुडेंगे। यह चक्रीय क्रम में चलेगा, जिससे सभी विद्यार्थी एक सेमेस्टर में कैंपस आ जाएं। विद्यार्थी का कैंपस आना स्वैच्छिक होगा। हाईब्रिड कक्षाएं 9 अगस्त से शुरू हो रही हैं। कोविड काल को देखते हुए आइआइटी जोधपुर ने इस साल भी पिछले साल के समान शुल्क व्यवस्था रखी है यानी शुल्क में 25 प्रतिशत तक की कटौती की गई है।

आइआइटी जोधपुर ने पिछले साल ऑनलाइन मोड पर शैक्षणिक सत्र का आयोजन किया था। पूरे सत्र में तीन (ट्राई) सेमस्टर में बांटा गया था जो इस साल से फिर से दो (बाई) सेमेस्टर में बदल दिया गया है। आइआइटी प्रशासन का कहना है अभिभावकों के अनुरोध पर वे छात्रों को एकांतर क्रम में कैंपस बुला रहे हैं। वर्तमान में आइआइटी में करीब 2500 विद्यार्थी है। हाईब्रिड कक्षाओं के बावजूद कैंपस में एक समय में अधिकतम 250 विद्यार्थी ही रह पाएंगे। कोविड गाइडलाइन की पालना में इनकी बैठक व्यवस्था रहेगी।

बीए ऑनर्स की तर्ज पर बीटैक ऑनर्स
उद्योगों व बाजार की जरुरत के अनुसार आइआइटी जोधपुर ने पिछले साल बीटैक थर्ड ईयर में स्पेशलाइजेशन शुरू करने की घोषणा की थी जो इस साल से लागू होने जा रहा है। यह एक तरह से बीए/बीकॉम ऑनर्स जैसा है। वर्ष 2019 में बीटैक में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी इस साल थर्ड ईयर में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, डाटा साइंस, रोबोटिक्स, साइबर फिजिक्स सिस्टम्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, मैकेनिकल डिजाइनिंग जैसे विषयों में स्पेशलाइजेशन के तौर पर प्रवेश ले सकेंगे।

अगले सात साल में दुगुने होंगे विद्यार्थी
आइआइटी जोधपुर की स्थापना 2008 में हुई थी। उस समय 120 विद्यार्थियों से शुरूआत की थी। अब इनकी संख्या 2500 हो गई है। वर्ष 2028 तक आइआइटी का लक्ष्य पांच हजार विद्यार्थी करने का है।

वर्ष ------- विद्यार्थी ------- फैकल्टी
2008------- 120 ------- 20
2013 ------- 709 ------- 60
2018 ------- 962 ------- 60
2021 ------- 2564 ------- 187
2028 ------- 5025 ------- 450 (लक्ष्य )

Published on:
07 Aug 2021 08:44 pm