जोधपुर

शराब दुकानों की आड़ में एक ही लाइसेंस पर खोल दी कई शाखाएं, ग्राहकों से वसूल रहे मनमानी रेट

शहर के आस-पास के क्षेत्रों में देसी-अंग्रेजी मदिरा समूह की कम्पोजिट दुकानों की आड़ में कई अवैध ब्रांच खुल चुकी हैं। आलम यह है कि एक लाइसेंस के आधार पर चार से पांच दुकानें संचालित हो रही हैं, जहां ग्राहकों से मनमर्जी के दाम भी वसूले जा रहे हैं।
2 min read
illegal sale of liquor in jodhpur during coronavirus lockdown
शराब दुकानों की आड़ में एक ही लाइसेंस पर खोल दी कई शाखाएं, ग्राहकों से वसूल रहे मनमानी रेट

विकास चौधरी/जोधपुर. शहर के आस-पास के क्षेत्रों में देसी-अंग्रेजी मदिरा समूह की कम्पोजिट दुकानों की आड़ में कई अवैध ब्रांच खुल चुकी हैं। आलम यह है कि एक लाइसेंस के आधार पर चार से पांच दुकानें संचालित हो रही हैं, जहां ग्राहकों से मनमर्जी के दाम भी वसूले जा रहे हैं। इतना ही नहीं, निर्धारित समय के बाद दुगुनी कीमत पर शराब बेचने लग जाते हैं।

पुलिस स्टेशन बनाड़ के सामने कुछ दूरी पर देसी व अंग्रेजी शराब की कम्पोजिट दुकान है। इसकी आड़ में बनाड़ क्षेत्र में चार अवैध ब्रांच खुल चुकी हैं। इसी तरह नांदडा क्षेत्र की कम्पोजिट दुकान की अलग-अलग लोकेशन पर करीब दस ब्रांच खुली हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्र में कम्पोजिट दुकान की लोकेशन मिलने के कारण ये अलग-अलग जगह पर ब्रांचें खोल ग्राहकों से मनमानी रेट वसूल रहे हैं। आबकारी व पुलिस भी ऐसे में इन पर कार्यवाही ना करके आंखें मूंद कर बैठी हैं।

ये हैं अवैध ब्रांच
बनाड़ थाने के सामने की शराब की दुकान की दो लोकेशन है। एक बनाड़ थाने के सामने व दूसरी गणेश फिलिंग स्टेशन के पास हैं। इसकी जयपुर हाइवे पर देवलिया पर एक, बनाड़ से सोढेर की ढाणी रिंग रोड पर दो और बनाड़ रोड स्थित पेट्रोल पंप से नांदड़ा खुर्द रोड पर एक अन्य ब्रांच है। इसी प्रकार नांदडा क्षेत्र की मुख्य दुकान बनाड़ रोड भारत पेट्रोल पंप के पास है। दूसरी लोकेशन झालामण्ड-डांगियावास बाइपास पर गोरा होटल चौराहा के पासहैं। इसकी महावीर नगर, एकता नगर, डीपी चौराहा, नांदड़ी गांव, कांकेलाव बाईपास फांटा, उचियारडा से नांदड़ा रोड, श्रीयादे नगर व नांदड़ा गांव में आयी हुई हैं।

ऐसा है तो कार्रवाई की जाएगी
'शराब की दुकान के साथ गोदाम हो सकता है, लेकिन ब्रांचें खुलने की जानकारी नहीं है। यदि कहीं ब्रांच खुली है तो कार्रवाई की जाएगी। पुलिस भी अवैध ब्रांचों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। गोदाम में शराब का सिर्फ स्टॉक रखा जा सकता है। वहां से शराब की बिक्री नहीं हो सकती है।'
उदयभानू चारण, जिला आबकारी अधिकारी, जोधपुर

Published on:
01 Jun 2020 10:08 am