
जोधपुर. अपर चौपासनी रोड की जीरो टोलरेंस रोड पर बुधवार को बिना हेलमेट मोटरसाइकिल सवार युवक-युवती का चालान बनाने पर विवाद हो गया। आस-पास के कुछ और लोग भी आ गए और सडक़ पर बैठ रास्ता रोक दिया। युवक-युवती के गायब होने पर परिचित ने लाइसेंस जमा करवाकर मोटरसाइकिल छुड़वाई।
यातायात पुलिस के एएसआइ रतनलाल ने बताया कि डालडा बिल्डिंग के पास बिना हेलमेट मोटरसाइकिल पर जा रहे युवक-युवती को रोक लाइसेंस मांगा तो युवक ने कागजात होने से इनकार कर दिया। चालान बनाया तो युवक ने नाम-पता बताने से मना कर दिया और पुलिस से अभद्रता करने लगा। आस-पास के कुछ और लोग सडक़ पर बैठ गए और ऑटो चालकों ने बीच सडक़ पर ऑटो खड़े कर दिए।
पुलिस मोटरसाइकिल को एमवी एक्ट में जब्त कर चुकी थी। पुलिस अधिकारी भी मौके पर आए और समझाइश की। बाद में युवक-युवती के परिचित वसीम खान ने अपना लाइसेंस पुलिस को दिया और अपने नाम से चालान बनाकर मोटरसाइकिल छुड़ाई। उधर, भीड़ का फायदा उठाकर युवक युवती वहां से गायब हो गए।