
जोधपुर. भारतीय सेना दिवस के मौके पर बुधवार को कोणार्क कोर की ओर से जोधपुर मिलिट्री स्टेशन पर हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई। यहां 600 मीटर लंबे अभिनंदन पत्र पर शहरवासियों की ओर से सेना को लिखे गए विभिन्न संदेश प्रदर्शित किए गए। इस दौरान मिलिट्री बैंड ने भी जवानों के लिए धुन बजाई। सगत सिंह स्टेडियम में लगाई हथियारों की प्रदर्शनी में टी-90 भीष्म टैंक सहित कई बड़े हथियार थे।
इस मौके कोणार्क कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल वीएस श्रीनिवास ने मिलिट्री स्टेशन स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सगत सिंह स्टेडियम में 600 मीटर लंबे अभिनंदन पत्र का अवलोकन किया। यह अभिनंदन पत्र ब्लू सिटीग्रुप ने आकृति विद्या भवन के सहयोग से तैयार किया। इस पर शहरवासियों ने सेना के लिए संदेश लिखे।
लेफ्टिनेंट जनरल श्रीनिवास ने कहा कि सेना ने पाकिस्तान और चीन दोनों देशों के साथ जरूरत के समय डटकर मुकाबला किया और एक नए देश के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना संयुक्त राष्ट्र संगठन के अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते आई है।