
वायरल इन्फेक्शन : गांव-ढाणियाें तक खांसी-जुकाम का संक्रमण
दवाएं लेने के बावजूद 10-15 दिन में भी ठीक नहीं हो रही खांसी
जोधपुर. खांसी-जुकाम का संक्रमण गांव-ढाणियों तक फैल गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के बाद बढ़ते वायरल इन्फेक्शन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है, लेकिन अस्तापलों की ओपीडी में बढ़ रही भीड़ चिंता बढ़ा रही है। मथुरादास माथुर अस्पताल, महात्मा गांधी अस्पताल, उम्मेद जनाना हॉस्पिटल, मंडोर, पावटा व प्रतापनगर जिला अस्तापल सहित शहर के सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जुकाम और खांसी की शिकायत को लेकर आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इन मरीजों की शिकायत यह है कि खांसी 10-15 दिन तक दवाएं लेने के बाद भी नहीं थम रही है।
बिलाड़ा में बढ़े मरीज
बिलाड़ा. इन दिनों हो रहे मौसम के बदलाव को लेकर चिकित्सालयों में मरीजों की संख्या में बढो़तरी हुई है। मरीजों में ज्यादातर खांसी, जुकाम, बुखार, बदन दर्द के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ। पहले तीन सौ तक मरीज आउटडोर रहता था, जो अब पांच सौ तक पहुंच गया है। डाॅ. धर्मेंद्र सीरवी ने बताया कि इन दिनों ज्यादातर मरीज खांसी, जुकाम, दमा व बुखार से पीडि़त आ रहे हैं। यह एक वायरल है, जो पांच से छह दिन में ठीक होता है।
चपेट में आ रहे बच्चेधुंधाड़ा. इन दिनो वायरल इनेफेक्शन का असर इतना अधिक देखने को मिल रहा हैं कि सालावास खण्ड ब्लॉक के तहत चिकित्सा केन्द्रों पर आने वाले मरीजों की संख्या में दो गुणा से भी अधिक की संख्या में बढोतरी हो गई हैं। इनमें बच्चे ज्यादा हैं। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहनदान देथा ने बताया कि धुंधाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर पहले प्रतिदिन ओपीडी 120 थी, जो अब 215, उप जिला अस्पताल सालावास में 600 से 900, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र झंवर में 130 से 220, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धवा में 70 से 145, खेजडली में 80 से 135 एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लूणी में 90 से 210 मरीज आने लगे हैं।
मौसमी बीमारियों ने पकड़ा जोर
लोहावट. कस्बे सहित क्षेत्र में पिछले दस दिनों में मौसम में हुए परिवर्तन के असर लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे है। स्थानीय राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर मरीजों की कतारें हुई नजर आ रही है। यहां पर मरीज चिकित्सकों से जांच करवाकर उपचार ले रहें है। सीएचसी पर वर्तमान में 550 से 600 लोग दिखाने आ रहे हैं।
वायरल इन्फेक्शन का प्रकोप
पीपाड़सिटी. मौसम के बदलाव के साथ शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में वायरल इन्फेक्शन का प्रकोप दिखने लगा है। प्रतिदिन साढ़े नो सौ तक मरीज चिकित्सालय में पहुंच रहे हैं। इसमें 75 प्रतिशत मरीज वायरल इन्फेक्शन से पीड़ित है। पीएमओ डॉ सुरेन्द्र परिहार को अपने प्रशासनिक कार्य के साथ ऑफिस में ही फिजीशियन के रूप में मरीजों को देखना पड़ रहा हैं।
असमंजस में चिकित्सक
ओसियां. पिछले काफ़ी दिनों से मौसम के उतार चढ़ाव से क्षेत्र के हर घर में कोई न कोई बीमार दिख रहा है। इससे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओसिया सहित संपूर्ण ब्लॉक में मरीज़ों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अन्य बीमारियों के मुक़ाबले खांसी, बुख़ार, जुखाम सहित मरीज़ों की संख्या ज़्यादा देखने को मिली। शुक्रवार को केवल सीएचसी ओसियां में 680 से मरीज़ पंजीकृत हुए, वहीं निजी अस्पतालों व चिकित्सकों के घर पर आए मरीज़ों की संख्या अलग हैं। सीनियर फ़िजीशियन डॉ प्रदीप चौधरी ने बताया कि वर्तमान में हो रही बीमारियों में हर दवाई बेअसर हैं।