जोधपुर

जेईई-मेन 23 से, पहले दिन बीआर्क की परीक्षा

JEE Mains Exam - जोधपुर में दो परीक्षा केंद्र
2 min read
जेईई-मेन 23 से, पहले दिन बीआर्क की परीक्षा
जेईई-मेन 23 से, पहले दिन बीआर्क की परीक्षा

जोधपुर. देश की आइआइटीज, एनआईटीज सहित अन्य इंजीनियरिंग कॉलेजों की प्रवेश परीक्षा जेईई मेन्स का आयोजन मंगलवार से होगा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित परीक्षा के तहत पहले दिन बीआर्क और बी प्लानिंग का पेपर होगा। परीक्षा दो पारियों में सुबह 9 से 12 एवं दोपहर 3 से 6 के मध्य होगी। बीई-बीटेक की परीक्षा 24 से 26 फरवरी के मध्य होगी।
जेईई-मेन परीक्षा के लिए जोधपुर में इस बार दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बनाड़ रोड स्थित आयोन डिजिटल के अलावा पाल बालाजी स्थित हॉरिजोन को भी बनाया गया है। बीआर्क-बीप्लानिंग की परीक्षा एक दिन में दो शिफ्टों में और बीई-बीटेक की परीक्षा छह शिफ्टों में आयोजित होगी। राजस्थान में कोटा, अजमेर, अलवर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, सीकर, श्रीगंगानगर, उदयपुर, भीलवाड़ा, झुंझुनू, नागौर, सवाईमाधौपुर, भरतपुर, दौसा एवं करौली सहित 16 शहरों में परीक्षा होगी।

ज्योमेट्री सेट ले जा सकते हैं

बीआर्क के तृतीय भाग में होने वाले ड्राइंग टेस्ट के लिए विद्यार्थी को स्वयं का ज्योमेट्री बॉक्स सेट, पेन्सिल्स व क्रेयोन्स लेकर जाने होंगे। विद्यार्थियों को ड्राइंग शीट पर वाटर कलर का उपयोग नहीं करने दिया जाएगा।

सभी विद्यार्थियों के लिए रिपोटिंग का अलग-अलग समय
कोरोना से बचाव के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जेईई मेन के प्रवेश पत्रों में प्रत्येक विद्यार्थी को रिपोर्टिंग का अलग-अलग समय दिया गया है ताकि सभी विद्यार्थी एक ही समय में परीक्षा केन्द्र न पहुंचे। परीक्षा प्रारंभ होने से आधा घंटा पूर्व प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। विद्यार्थियों को दिए गए प्रवेश पत्र में सेल्फ डिक्लेरेशन प्रारूप में विद्यार्थी को बांये हाथ का अंगूठा का निशान एवं स्वयं की फोटो लगाकर ले जाना होगा। विद्यार्थी अपने साथ आधार कार्ड या कोई आइडी प्रूफ सेल्फ डिक्लेरेशन भरा हुआ प्रवेश पत्र, पारदर्शी पेन, स्वयं का फोटो, सैनेटाइजर व पानी की पारदर्शी बोतल साथ में लाने होंगे। विद्यार्थियों को थ्री-लेयर मास्क दिया जाएगा। परीक्षा केन्द्र पर रफ कार्य के लिए 6 रफ शीट मिलेगी।

Updated on:
22 Feb 2021 08:02 pm
Published on:
22 Feb 2021 08:02 pm