
जोधपुर. सूर्यनगरी सहित प्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों और प्रदेश में धारा 144 लागू होने के बाद जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय ने शनिवार सुबह 8.30 बजे आदेश निकाल कर आगामी सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय की इंजीनियरिंग परीक्षाएं यथावत रहेगी। उधर एक बार फिर से परीक्षाएं स्थगित होने पर कई छात्र-छात्राओं ने रोष प्रकट किया है। छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन परीक्षा आयोजित नहीं करने को लेकर नाराजगी जताई है। छात्र-छात्राओं का तर्क है कि जब आईआईटी जोधपुर और एनएलयू जोधपुर ऑनलाइन परीक्षा करवाकर एक सेमेस्टर की पढ़ाई पूरा करवा सकते हैं तो जेएनवीयू क्यों नहीं।
परीक्षा देने पहुंचे, बैरंग लौटे
विवि प्रशासन की ओर से परीक्षा स्थगन का आदेश सुबह जारी किया गया। एलएलबी सहित अन्य कक्षाओं की दोपहर 12 बजे लिखित परीक्षा थी। ऐसे में कई छात्र-छात्राएं आदेश की पुष्टि करने के लिए परीक्षा केंद्र और विवि के परीक्षा विभाग भी पहुंचे।
4 की जगह 6 साल की होगी डिग्री
विवि ने बीए, बीकॉम और बीएससी अंतिम वर्ष की सभी परीक्षाएं करवा कर उनका परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। अब एलएलबी, बीए/बीएससी एलएलबी, बीएड, बीए/बीएससी बीएड, एमबीए, बीएससी आईटी, एमएससी कंप्यूटर साइंस जैसी छोटी परीक्षाएं शेष रही हैं। छात्र-छात्राओं का कहना है कि विश्वविद्यालय कोविड-19 मद्देनजर ऑफलाइन की जगह ऑनलाइन परीक्षा करवा सकता है। एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग और मास्टर ऑफ इंजीनियरिंग की समस्त परीक्षाएं ऑनलाइन हो रही हैं। बीए/बीएससी बीएड छात्रों का कहना है कि परीक्षा नहीं होने से उनकी 4 साल की डिग्री में 6 साल लग जाएंगे।
फीस ले ली लेकिन पढ़ाई नहीं
एलएलबी सहित अन्य कक्षाओं के छात्र छात्राओं ने अगली कक्षा का प्रवेश आवेदन पत्र भरकर फीस जमा करवा दी। ऐसे छात्र-छात्राओ के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने न तो कक्षाएं लगाई है और न हीं परीक्षाएं करवाई है। ये छात्र बीच में लटके हुए हैं।