
गजेंद्र दहिया/जोधपुर. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने जोधपुर एयरपोर्ट को प्लास्टिक फ्री एयरपोर्ट घोषित कर दिया है। अब एयरपोर्ट परिसर में प्लास्टिक की कोई चीज उपलब्ध नहीं है। यात्रियों को फिलहाल पानी की प्लास्टिक बोतल लाने की अनुमति दी गई है। अगले एक-दो महीने में एयरपोर्ट पर प्लास्टिंग क्रंचिंग मशीन लगाई जाएगी, जिसमें रीयूजेबल प्लास्टिक आइटम का निस्तारण किया जाएगा। जोधपुर एयरपोर्ट पर नवम्बर महीने में प्लास्टिक फ्री कैंपेन शुरू किया गया था। इसके तहत एयरपोर्ट परिसर में स्थित सभी दुकानों व खाद्य सामग्री की स्टॉल पर प्लास्टिक हटाए गए। डिस्पोजेबल ग्लास, चम्मच, प्लेट, फूड कवर को प्रतिबंध किया गया। अब कागज के ग्लास व प्लेट में खाद्य सामग्री परोसी जा रही है। एयरलाइन कम्पनियों के वैण्डर्स द्वारा उपयोग में लिए जा रहे प्लास्टिक कवर और प्लास्टिक कैरी को हटाया गया। इसके स्थान पर कपड़े व कागज के थैले व कवर उपयोग में लिए जा रहे हैं। फ्लाइट के अंदर पहले से ही कागज के कप में चाय/कॉफी या पानी दिया जाता है।
आधा दर्जन से अधिक एयरपोर्ट प्लास्टिक फ्री
नागर विमानन मंत्रालय ने देशभर के एयरपोर्ट को प्लास्टिक फ्री बनाने के लिए अभियान चला रखा है। इसके अंतर्गत अब तक करीब आधा दर्जन एयरपोर्ट को प्लास्टिक फ्री एयरपोर्ट घोषित किया जा चुका है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चैन्नई, लखनऊ, अहमदाबाद, जम्मू एयरपोर्ट में तेजी से प्लास्टिक फ्री कैंपेन चलाया जा रहा है। मुंम्बई के छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट पर सभी तरह के प्लास्टिक बैन हो गए हैं। यात्री के हाथ में पानी की बोतल देखते ही जब्त कर ली जाती है। जोधपुर में भी यह व्यवस्था जल्द लागू होगी।
एयरपोर्ट हुआ प्लास्टिक फ्री
हम पिछले एक महीने से प्लास्टिक फ्री एयरपोर्ट के लिए काम कर रहे थे। एएआई से निर्देश मिलने के बाद अब जोधपुर एयरपोर्ट को प्लास्टिक फ्री घोषित किया गया है।
जीके खरे, निदेशक, जोधपुर एयरपोर्ट