जोधपुर

Jodhpur: 48 किमी प्रति घण्टे की रफ्तार से पड़ी बौछारें

jodhpur news - चक्रवात निसर्ग के कारण जोधपुर सहित आसपास के इलाकों में झंझावत, आज भी रहेगा बादल बरसात का मौसम
less than 1 minute read
Jodhpur: 48 किमी प्रति घण्टे की रफ्तार से पड़ी बौछारें
Jodhpur: 48 किमी प्रति घण्टे की रफ्तार से पड़ी बौछारें

जोधपुर. अरब सागर में आए चक्रवात निसर्ग के असर से गुरुवार शाम को जोधपुर में तूफानी बारिश हुई। मौसम झंझावत का हो गया। 48 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से चल रही हवा के साथ बौछारें गिरी। अचानक पड़ी बौछारों से एकबारगी जो जहां था वहीं ठहर गया। शहर में सडक़ों पर पानी भर गया। जोधपुर के फलोदी, आऊ सहित आसपास के ग्रामीण हिस्सों में भी तेज बारिश हुई। पाली, जालोर सहित अन्य इलाकों में झमाझम बारिश के समाचार हैं। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात का असर शुक्रवार को भी बना रहेगा। ऐसे में कई स्थानों पर वज्रपात व झंझावत जैसी स्थिति बन सकती है।

सूर्यनगरी में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। सुबह से ही आसमान साफ होने और हवा में 75 फीसदी से अधिक नमी होने के कारण उमस भरी तपिश ने शहरवासियों को बेहाल कर दिया। दिन चढऩे के साथ गर्मी बढ़ती गई। उमस के मारे लोगों की हालत खस्ता हो गई। दोपहर में पारा 38.8 डिग्री तक पहुंचा लेकिन हवा में आद्र्रता के कारण लोग हलकान हो गए। शाम साढ़े छह बजे शहर में मौसम ने अचानक पलटा खाया। कुछ ही क्षणों में तेज हवा, बादलों की गर्जना व बिजली की चकाचौंध के साथ मेघ बरसने लग गए। करीब 5 मिनट तक तूफानी बौछारें गिरी। इसके बाद मौसम शांत हो गया और अगले पांच दस मिनट तक बूंदाबांदी हुई। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान कम रहा। बाड़मेर में पारा 40.4, जैसलमेर में 39.7, बीकानेर में 39.7, चूरू में 39.3, श्रीगंगानगर में 39.6, जयपुर में 35, अजमेर में 35.4 और कोटा में 33.9 डिग्री मापा गया।

Published on:
05 Jun 2020 09:37 am