
जोधपुर. दिल्ली में पढ़ाई कर रहे जोधपुर के एक युवक की धोखे से जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने का मामला शास्त्री नगर थाने में दर्ज हुआ। रिपोर्ट में पांच जनों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने शास्त्री नगर थाना में एक मार्च को मालवीय नगर थाना साउथ नई दिल्ली से आई जीरो नम्बर की एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार जोधपुर जिले के ढढू थाना क्षेत्र के फलौदी निवासी अभिषेक पुत्र महिपाल विश्नोई ने रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि उसका भाई संदीप पुत्र महिपाल विश्नोई पिछले करीब दो वर्ष से दिल्ली में शहीद भगतसिंह विश्वविद्यालय में बी.कॉम की पढ़ाई कर रहा था तथा साथ में एक चार्टड एकाउंटेंट की भी तैयारी कर रहा था। 15 फरवरी को संदीप की तबीयत बिगडऩे पर उसे शिवराज व नमन अस्पताल ले गए। तबीयत में सुधार हुआ तो उसे जोधपुर बुलाया।
20 फरवरी को फ्लाइट से संदीप जोधपुर पहुंचा। जिसे उपचार के लिए जोधपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन तबीयत में सुधार नहीं हुआ तो बाद में एम्स में भर्ती करवाया। 27 फरवरी को संदीप को कुछ होश आया तो उसने एक कागज पर लिखा कि राहुल नाम के एक युवक ने उसे गर्म पानी में जहरीला पदार्थ जैसा कुछ मिलाकर धोखे से पिला दिया उसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी। इसके साथ ही संदीप ने लिखा कि इस षड्यंत्र में वरक, नमन, मनीष, मनीष चौधरी व आभास नाम के युवक भी शामिल है। एक मार्च को उपचार के दौरान संदीप की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू की।