Jodhpur Weather Update: जोधपुर में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है, सोमवार शाम से मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से मंगलवार को तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।
जोधपुर। पश्चिमी विक्षोभों का सिलसिला लगातार बना हुआ है और मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। दो दिन के ब्रेक के बाद सोमवार शाम को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। मौसम विभाग के अनुसार यह विक्षोभ अपेक्षाकृत मजबूत है, जिसके असर से राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है।
यह वीडियो भी देखें
मौसम विभाग के अनुसार इस विक्षोभ के प्रभाव से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। किसानों और आमजन को इस दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जोधपुर में इसका सर्वाधिक असर मंगलवार को देखने को मिलेगा। इस दौरान जोधपुर संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी, कहीं-कहीं ओलावृष्टि और मध्यम से तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि यह सिस्टम अल्पकालिक होगा और बुधवार को इसका असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा। गुरुवार तक पूरे प्रदेश से इसका प्रभाव समाप्त हो जाएगा। इसके बाद अगले तीन से चार दिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खुले आसमान में पककर तैयार फसलों, कृषि मंडियों में रखे अनाज और जिंसों को सुरक्षित स्थान पर रखने और ढककर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संभावित बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान से बचा जा सके।
शहर में रविवार को लगातार दूसरे दिन रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो पांच अप्रेल के औसत तापमान से 2.3 डिग्री कम रहा। सुबह के समय मौसम में हल्की ठंडक बनी रही और लोगों को ठंडी हवा का एहसास हुआ।
दिन चढ़ने के साथ धूप निकली, लेकिन हवा में नमी अधिक होने के कारण धूप में तीखापन नहीं रहा। दिनभर बादलों की हल्की आवाजाही भी बनी रही, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। दोपहर में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम रहा। शाम ढलने के बाद भी मौसम सामान्य बना रहा। सोमवार शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद मंगलवार को तापमान में फिर गिरावट देखने को मिल सकती है और मौसम एक बार फिर बदला हुआ नजर आएगा।