
जोधपुर. प्रत्येक बालक बालिका में कला समाहित होती है, केवल उसे अभिव्यक्त करने के लिए प्लेटफ ार्म की आवश्यकता होती है। कला किसी की मोहताज नहीं होती, वह तो स्वयं से उजागर होती है जिसे सही मार्ग पर लाने का कार्य गुरु करता है। ये उद़्गार राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के मध्य कला को प्रोत्साहन करने के उद्देश्य से राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय जालोरी गेट में शुक्रवार को आयोजित हुए जिला स्तरीय कला उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमचन्द सांखला ने व्यक्त किए। ये कार्यक्रम राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद् जयपुर और जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
संयोजक एवं प्रधानाचार्य मजाहिर सुलतान जई ने बताया कि जिले के 23 विद्यालयों के 69 विद्यार्थी कलाकारों ने भाग लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय के निखिल तिंवरी की गायत्री ने प्रथम, नरपत मेघवाल व पूजा सागर ने द्वितीय तथा संदीप चैधरी व एकता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक इस्हाक अहमद चिश्ती, प्रोफेसर मेहर अली अब्बासी, पीआर गर्ग और डोली मेहता रहे। इसी प्रकार संगीत के निर्णायक लूणी राजकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर सतीश बोहरा, सितारवादक न्याज खान, लोक कलाकार अजयकरण जोशी व रूपकिशोर थे। संगीत गायन में छात्र- छात्रा अलग अलग वर्ग में वाद्य वादन में निखिल राठौड़ प्रथम, अमन सागर द्वितीय व सुनील दास तृतीय रहे। वहीं गायन प्रतियोगिता में जवरीदास व प्रियंका ने प्रथम, मोहनलाल व रोशनी देवी द्वितीय व गोविन्दराम व जान्हवी दाधीच तृतीय स्थान रहे। नृत्य प्रतियोगिता में नरेन्द्र ओड व सोनिया प्रथम, बालाराम व जीतू कंवर द्वितीय तथा प्रशांत व सुमन ने तृतीय स्थान हासिल किया। डीईओ माशि मुख्यालय भल्लूराम खीचड़, समसा से शशि चौधरी, लक्ष्मण सिंह गहलोत, कोमल सिंह चम्पावत, शर्मिला गौड़ सहित कई प्रिंसिपल व प्रभारी शिक्षक मौजूद थे। संचालन प्राध्यापक रतनसिंह चम्पावत ने किया। आयोजन प्रभारी व प्रधानाचार्य कमलेश तिवारी ने आभार जताया।