
जोधपुर।
जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से सालावास में प्रस्तावित नए इनलैण्ड कंटेनर डिपो (आईसीडी) के लिए जमीन हस्तांतरित कर दी गई है। इससे राज्य सरकार की घोषणा के अनुरूप नए आईसीडी के स्थापना की कवायद तेज हो गई है।सालावास रेलवे स्टेशन के नजदीक तनावड़ा गांव के खसरा संख्या 218, 189 व 183 के पास आईसीडी प्रस्तावित है। इसकी कार्यकारी एजेन्सी आरएसआरडीसी रहेगी। प्रस्तावित आईसीडी विश्वस्तरीय व अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। यहां कंटेनर के खड़े रहने, भण्डारण आदि की उपयुक्त सुविधा विकसित की जाएगी। प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना में इस प्रोजेक्ट को शामिल किया गया है।
-----
सर्वाधिक आईसीडी जोधपुर में
जोधपुर से विदेशों में निर्यात होने वाले विभिन्न औद्योगिक उत्पादों के कंटेनरों को समुद्री बन्दरगाहों तक ले जाने के लिए 3 इनलेण्ड कंटेनर डिपो (आईसीडी) है। जो दिनोंदिन बढ़ रहे कारोबार को देखते हुए छोटे पड़ते जा रहे है। इस कारण डिपो के बाहर लंबी कतारें लग जाती है। इससे कंटेनरों की लंबी कतारों की समस्या का काफी हद तक निदान होगा, कंटेनर समय पर निर्यात हो सकेंगे। जोधपुर प्रदेश का पहला शहर होगा, जहां चार आईसीडी होंगे। जयपुर में भी दो ही आईसीडी है।
-----------
सालाना 35-40 हजार कंटेनर्स का निर्यात
जोधपुर से सालाना करीब 35-40 हजार कंटेनर्स निर्यात किए जाते है, जिसमें 75-80 फीसदी कंटेनर्स हैण्डीक्राफ्ट उत्पादों के होते है। इसके अलावा कृषि प्रसंस्करण उत्पादों सहित अन्य औद्योगिक उत्पादों के कंटेनर्स भी निर्यात होते है। इस आईसीडी के मूर्तरूप लेते ही जोधपुर के निर्यात को पंख लगेंगे।
-------
ये आईसीडी अभी चल रहे
- न्यू पॉवर हाउस रोड पर रेलवे कॉनकोर का कंटेनर डिपो।
- रीको औद्योगिक क्षेत्र बासनी द्वितीय चरण में राजसीको का।
- पाल रोड पर निजी क्षेत्र का थार ड्राई पोर्ट।
------
सालावास में प्रस्तावित नया आईसीडी रीको औद्योगिक क्षेत्र बासनी द्वितीय चरण में िस्थत आईसीडी के विस्तार के तौर पर विकसित किया जा रहा है। जेडीए से जमीन मिल गई है और जल्द ही इसका काम शुरू किया जाएगा।
एसएल पालीवाल, संयुक्त निदेशकजिला उद्योग एवं वाणिज्य विभाग
-----------
सालावास में प्रस्तावित नया आईसीडी अत्याधुनिक होगा। इसका शिलान्यास अगस्त में होने की उम्मीद है।2025 तक इस प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
अजय शर्मा, डायरेक्टरराजस्थान लघु उद्योग निगम
-----------