जोधपुर

नए हाईकोर्ट भवन के उद्घाटन के लिए कार्मिकों सहित अधिवक्ताओं को मिला न्यौता, देख सकेंगे लाइव प्रसारण

रजिस्ट्रार (प्रशासन) ने एक आदेश जारी कर सभी कार्मिकों को सूचित किया है कि नए भवन में 9 दिसंबर से नियमित सुनवाई होगी। इसलिए सभी को उनसे संबंधित सभी जरूरी फाइलें व सामग्री 6 से 8 दिसंबर के बीच शिफ्ट करने को कहा गया है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 5 Dec 2019, 11:35 AM IST
lawyers and employees of high court gets invitation of new building
नए हाईकोर्ट भवन के उद्घाटन के लिए कार्मिकों सहित अधिवक्ताओं को मिला न्यौता, देख सकेंगे लाइव प्रसारण

जोधपुर. राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन ने अधिवक्ताओं को नवनिर्मित इमारत के उद्घाटन समारोह का न्यौता देने की शुरुआत कर दी है। कोर्ट के कार्मिकों को भी अधिकारिक रूप से आमंत्रित किया गया है। रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी कार्मिकों को 7 दिसंबर को सुबह 11.45 बजे प्रस्तावित उद्घाटन समारोह में आमंत्रित किया गया है। सुरक्षा कारणों से सभी को 11 बजे तक पहुंचने को कहा गया है। कार्मिकों की एंट्री प्रवेश द्वार संख्या 1 से होगी। उन्हें अपने साथ अधिकारिक प्रवेश पत्र रखना होगा।

सभी अनुभागों के प्रभारी भी प्रवेश द्वार पर मौजूद रहेंगे, जो पहचान के आधार पर कार्मिकों की एंट्री सुनिश्चित करेंगे। कार्मिकों की सहूलियत के लिए अलग हैंगर में लाइव प्रसारण की सुविधा भी रहेगी। चूंकि, 7 दिसंबर को कार्यदिवस रहेगा, लिहाजा अनुभाग अधिकारियों को कुछ जिम्मेदार कार्मिकों को हेरिटेज भवन में भी कार्यरत रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में भी कार्मिकों को उद्घाटन समारोह का लाइव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गई है।

नए भवन में फाइलों की शिफ्टिंग सुनिश्चित करें
रजिस्ट्रार (प्रशासन) ने एक आदेश जारी कर सभी कार्मिकों को सूचित किया है कि नए भवन में 9 दिसंबर से नियमित सुनवाई होगी। इसलिए सभी को उनसे संबंधित सभी जरूरी फाइलें व सामग्री 6 से 8 दिसंबर के बीच शिफ्ट करने को कहा गया है। हालांकि उद्घाटन से पहले कार्मिकों को शिफ्टिंग की अनुमति नहीं होगी, लेकिन इसकी जरूरी तैयारियों के निर्देश दिए गए हैं। कार्मिकों को 9 दिसंबर को आरएफआइडी कार्ड के साथ नए भवन में आने को कहा गया है।

Published on: