
जोधपुर. देश के उत्तरी हिस्सों से आ रही ठंडी हवाओं से मंगलवार को ठार हो गई। रात के साथ दिन में भी सर्दी का अधिक अहसास हुआ। दिन का पारा लुढ़ककर 25 डिग्री के पास आ गया। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 दिसंबर को राज्य के कुछ भागों में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 23-24 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट होने व राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
सूर्यनगरी में बीती रात से ठंडी तेज हवाएं शुरू हो गई। इससे मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान कल की तुलना में करीब तीन डिग्री लुढ़ककर 10.4 डिग्री पर आ गया। हवाओं के कारण सुबह से ही तेज सर्दी रही। नश्तर से चुभती हवा के कारण सुबह-सुबह स्कूली बच्चों और काम पर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। सर्दी से बचाव के लिए अधिक जाप्ता करना पड़ा। दिन चढ़ने के बावजूद हवा के झौंके शरीर में सिहरन पैदा कर रहे थे। दोपहर बाद बादलों की आवाजाही के कारण धूप फीकी हो गई। इससे दिन का तापमान लुढ़ककर 25.2 डिग्री पर आ गया। शाम ढलने के बाद पारा तेजी से नीचे आ गया। तेज सर्दी के कारण रात को मुख्य मार्गाें पर सन्नाटा सा पसरने लगा।