जोधपुर

सुरक्षा गार्ड के बावजूद चार चिकित्सकों के क्वार्टर के ताले तोड़े

- एम्स के आवासीय परिसर में वारदात
less than 1 minute read
Jan 13, 2020
सुरक्षा गार्ड के बावजूद चार चिकित्सकों के क्वार्टर के ताले तोड़े
सुरक्षा गार्ड के बावजूद चार चिकित्सकों के क्वार्टर के ताले तोड़े

जोधपुर.
सुरक्षा गार्डों के बावजूद चोरों ने एम्स के आवासीय परिसर में चिकित्सकों के चार क्वार्टरों के ताले तोडक़र चोरों ने कीमती सामान चुरा लिए। चिकित्सकों के अवकाश से लौटने पर ही स्पष्ट हो पाएगा कि चोर कितना सामान चुराकर ले गए। सुरक्षा व्यवस्था के सुपरवाइजर ने शास्त्रीनगर थाने में रविवार को मामला दर्ज कराया।

थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह के अनुसार एम्स के आवासीय परिसर में शुक्रवार मध्यरात्रि चिकित्सकों के चार क्वार्टरों के ताले टूटे हैं। चारों क्वार्टरों से चोर कीमती सामान चुराकर ले गए हैं। चिकित्सकों के अवकाश पर बाहर होने की वजह से चारों क्वार्टर सूने व बंद थे। जिसका फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की। वारदात का पता लगने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। साथ ही सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली कम्पनी के सुपरवाइजर छैलसिंह नरूका की तरफ से चोरी की संयुक्त एफआइआर दर्ज की गई है। जिन क्वार्टरों के ताले तोड़े गए हैं वो डॉ प्रतिभा, डॉ केके शुक्ला, डॉ रवि शेखर व डॉ विकास के बताए जाते हैं। इन सभी के लौटने पर ही चोरी के सामान के बारे स्पष्ट हो सकेगा।
चौबीस घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात, फिर भी वारदात

आवासीय परिसर में काम करने वाली महिला क्वार्टर में आई तो ताले टूटे देख चौंक गई। क्वार्टरों में सामान बिखरा पड़ा था। महिला ने अन्य को सूचना दी। फिर सिक्योरिटी सुपरवाइजर मौके पर पहुंचे। एम्स व पास ही आवासीय परिसर में निजी कम्पनी के पास सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा है। चौबीस घंटे में तीन पारियों में करीब तीन सौ सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। फिर भी चोरों ने सेंध लगा ली।

Published on:
13 Jan 2020 12:33 am