जोधपुर

पोकरण में अपने अंतिम युद्धाभ्यास में गिरा मिग-27, पायलट सुरक्षित

तीन दिन बाद ही होना है वायुसेना का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास वायुशक्ति-2019
2 min read
indian airforce news
पोकरण में अपने अंतिम युद्धाभ्यास में गिरा मिग-27, पायलट सुरक्षित

gajendra singh dahiya/जोधपुर. वायुसेना के सबसे बड़े युद्धाभ्यास वायुशक्ति-2019 की रिहर्सल कर रहा मिग-27 विमान मंगलवार शाम जैसलमेर में पोकरण स्थित चांधण फील्ड फायरिंग रेंज के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पायलट ने विमान से कूद जान बचाई। उसे हेलीकॉप्टर के जरिए जोधपुर मिलिट्री स्टेशन लाया गया। वायुसेना के ग्राउण्ड अटैक एयरक्राफ्ट मिग-27 (अपग्रेडेड) का वायुशक्ति-2019 अंतिम युद्धाभ्यास है। तीन दिन बाद 16 फरवरी को पोकरण स्थित चांधण फील्ड फायरिंग रेंज में वह अंतिम बार फायर पावर डेमोस्ट्रेशन करेगा। जिसे देखने राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के आने की संभावना जताई जा रही है। जोधपुर एयरबेस स्थित मिग-27 (अपग्रेडेड) की स्क्वाड्रन संख्या-29 का विमान युद्धाभ्यास के लिए जैसलमेर गया हुआ था। शाम को स्क्वाड्रन लीडर बी. कोतवाल ने जैसलमेर एयरबेस से मिग-27 में युद्धाभ्यास स्थल के लिए उड़ान भरी। इसके कुछ समय बाद ही कंट्रोल रूम से सम्पर्क कट गया।

शाम 6.10 बजे उड़ते विमान में तकनीकी खराबी आने से इंजन बंद हो गया। पायलट विमान को रिहायशी इलाके से दूर खुले स्थान पर ले गया, तब तक विमान के इंजन में आग लग गई। पायलट सीट इजेक्ट करके विमान से बाहर आ गया। विमान जलता हुआ खेतोलाई के पास गिरा। वायुसेना ने कोर्ट ऑफ इन्कवायरी के आदेश दिए हैं। ग्रामीणों के अनुसार फील्ड फायरिंग क्षेत्र के समीप खाली पड़ी जमीन पर क्षेत्र के चरवाहे बकरियां चराते हैं तथा अन्य पशु भी विचरण करते रहते हैं। लेकिन मंगलवार को विमान गिरने के समय यहां कोई चरवाहा, पशुपालक या पशु नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। युद्धाभ्यास वायशुक्ति में भाग लेने पोकरण में 150 से अधिक लड़ाकू विमान व हेलीकॉप्टर अभ्यास कर रहे हैं। गुरुवार को फुल ड्रेस रिहर्सल है और शनिवार को फायर पावर डेमोस्ट्रेशन होगा।

आयरन फीस्ट में गिरा था जगुआर

- 18 जनवरी 2016 को जगुआर विमान आयरन फीस्ट के समय पोकरण क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ
- 3 अक्टूबर 2007 को पोकरण में ही मिग-27 गिरा
- 4 सितम्बर 2018 को जोधपुर में जालेली फौजदार और देवलिया गांव के बीच गिरा था मिग-27
- 13 जून 2016 को जोधपुर में कुड़ी हाउसिंग बोर्ड में गिरा था मिग-27

इनका कहना है

मिग 27 ने जैसलमेर से उड़ान भरी थी और यह शाम 6 बजकर 10 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पायलट सुरक्षित है। कोर्ट ऑफ इन्कवायरी के आदेश दे दिए गए हैं।
- कर्नल सोम्बित घोष, रक्षा प्रवक्ता

Updated on:
13 Feb 2019 10:40 am
Published on:
13 Feb 2019 10:40 am