
बिलाड़ा (जोधपुर). जोधपुर, अजमेर, पाली एवं विभिन्न जिलों में लूट, हत्या, नकबजनी, लोगों से मारपीट करने के आरोप में मोस्ट वांटेड लीलाराम उर्फ लीलिया को बिलाड़ा पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दस्तयाब करने में सफलता हासिल की। आरोपी की कई जिलों की पुलिस को तलाश थी जिसे स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे मोस्ट वांटेड अपराधियों की धरपकड़ अभियान के चलते पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल के अनुसार शुक्रवार को सूचना मिली कि मोस्ट वांटेड लीलाराम उर्फ लीलिया बिलाड़ा में आया हुआ है।
इस पर पुलिस उप अधीक्षक भूपेंद्रसिंह शेखावत, थाना प्रभारी अचलदान ने टीम बनाकर बस स्टैंड के पास डॉ. सीएस आसेरी की गली में पहुंचे। जहां खड़ी एक सफेद फोर्ड कार खड़ी थी। इसमें दो लड़के बैठे मिले जिनमें से एक लड़का पुलिस की गाड़ी देख कर भागने लगा, जिसको जाब्ता सदस्यों ने तुरंत दबोच लिया। वहीं कार के अंदर चालक सीट पर बैठे लड़के को भी दस्तयाब कर दोनों के नाम पते पूछे तो एक ने अपना नाम लीलाराम पुत्र गंगाराम जाट निवासी बिरावास बताया तथा दूसरे ने अपना नाम देवीलाल उर्फ देवाराम जाट निवासी रामावास थाना जैतारण बताया। जिन्हें थाना ले आया गया।
लीलाराम पीपाड़ शहर, पुलिस थाना जैतारण, सोजत सिटी, ब्यावर सदर में विभिन्न मुकदमों में लंबे समय से वांछित होने से लीलाराम को उसकी कार के साथ गिरफ्तार किया तथा देवीलाल उर्फ देवाराम को 151 के जरिए गिरफ्तार किया। लीलाराम उर्फ लीलिया के गिरफ्तार करने की सूचना पीपाड़ शहर थाने में वांछित होने से पीपाड़ पुलिस को सूचित कर उन्हें सुपुर्द किया।
पुरस्कृत होगी टीम
वांछित अपराधी लीलाराम उर्फ लीलिया को बिलाड़ा थानाधिकारी अचलदान चारण ,सहायक निरीक्षक रामकुमार एवं जाब्ते मेंं राजेश कुमार, राकेश कुमार मीणा, भरत कुमार, आ सूचना अधिकारी हेमराज, छोटाराम, जगदीश, संतोष कुमार, रामखिलाड़ी, श्रवण पटेल, सुरेश पूनिया की मुख्य भूमिका रही। जिन्हें जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।