
जोधपुर. मानसून सीजन में शहर की ड्रेनेज व्यवस्था की समीक्षा को लेकर गुरुवार को नगर निगम आयुक्त आरएस तोमर ने निगम के तकनीकी एवं सफाई विंग के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी मुख्य सफाई निरीक्षकों से अपने-अपने क्षेत्रों में नालों की सफाई कार्य के संबंध में जानकारी ली साथ ही संबंधित वार्ड के जेईएन से नालों की सफाई कार्य के संबंध में फीडबैक लिया। निगम आयुक्त तोमर ने बताया कि शहर में छोटे-बड़े 130 नाले हैं जिनकी सफाई का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। साथ ही जहां कहीं भी नालों की मरम्मत की आवश्यकता है उसे भी पूरा करवाया जाएगा। बैठक में उपायुक्त अयूब खान, उपायुक्त अश्वनी के पंवार, उपायुक्त आकांक्षा बैरवा, मुख्य अभियंता संपत मेघवाल, चीफ इंजीनियर सहित मुख्य सफाई निरीक्षक आदि मौजूद रहे।
कंट्रोल रूम पर करें पानी भराव की शिकायत
निगम की ओर से कंट्रोल रूम भी संचालित किया जा रहा है जो 24 घंटे काम कर रहा है यदि किसी भी क्षेत्र में पानी भराव की कोई भी समस्या आती है तो वह कंट्रोल रूम में अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। जिसका त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
नालों की सफाई कार्य का लिया जायजा
नगर निगम आयुक्त तोमर ने सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र में नालों की सफाई कार्य का जायजा लिया। तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।