
जोधपुर. पिता की सम्पत्ति कब्जा करने के लिए वृद्ध माता-पिता के पुत्र से प्रताडि़त होने के मामले तो सामने आते रहे हैं, लेकिन जोधपुर में बेटियों से परेशान होकर एक वृद्ध बाप ने जान दे दी। प्रोपर्टी के लिए बेटियों से प्रताडि़त होकर जान देने का जोधपुर में यह सम्भवत: पहला मामला है। पुलिस ने तीन बेटियों को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
मामला बासनी थानान्तर्गत सांगरिया रोड स्थित अमरावती नगर का है। यहां गुरुवार सुबह घर में वृद्ध बीरबलराम विश्रोई का शव शॉल से बने फंदे पर लटका मिला था। वृद्ध संभवत: बुधवार की रात सीढिय़ों के दुमदुमे पर फंदे से झूला था। शुरुआती तहकीकात में सामने आया कि मृतक बेटियों व दो दामादों से परेशान था। इसका उल्लेख वृद्ध के पास मिले सुसाइड नोट में यह उल्लेख देखकर पुलिस भी चौंक गई।
मृतक बीरबल मूलत: लोहावट थानान्तर्गत मूलराज नगर के रहने वाले थे। खेतीबाड़ी का काम था। शहर में एक मकान बना लिया और यहीं रहने लगे। परिवार में पत्नी, दो बेटे व पांच बेटियां हैं। एक बेटा शहर में ही अलग रहता है। बड़ा बेटा श्रवण गांव में ही खेती बाड़ी करता है। पांच में से दो बेटियां अपने ससुराल में हैं। तीन मां-बाप के यहीं रह रही हैं। श्रवण का कहना है कि एक बहन राजेश्वरी व पति अशोक कुमार के साथ लंबे समय से पीहर में है।
अशोक अनैतिक गतिविधियों में लिप्त है। बीरबल बेटी-दामाद को टोकते थे। इन्हें मकान खाली करने को भी कहा, लेकिन तैयार नहीं हुए। आए दिन झगड़ा होता था। जान से मारने की धमकियां भी दी गई। दूसरी बहन पुष्पा अपने पति से रिश्ता तोड़कर पीहर में है। अब वह केवलराम उर्फ कैलाश जाट के साथ पिता के घर में ही रह रही है।
तीसरी बहन कमला की शादी नौसर गांव में हो चुकी है, लेकिन वह बड़ी बहन के बहकावे में आकर ससुराल नहीं जा रही। बड़े बेटे का आरोप है कि पिछले कई समय से तीन बहनें और दो बहनोई मकान पर कब्जा करने की फिराक में थे। इसके लिए पिता को धमका रहे थे।
दो दिन पहले की थी मारपीट
गत 12 मई को वृद्ध बीरबल से पुत्री राजेश्वरी, पुष्पा व कमला और दामाद अशोक ने मारपीट की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजेश्वरी, कमला व दामाद अशोक को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया था, लेकिन पांबद कर छोड़ दिया।
इनका कहना है
बेटियों को सम्पत्ति में हिस्सा देने के प्रावधान के बाद ऐसे विवाद के मामले तो बढ़े हैं, लेकिन बेटियों से प्रताडि़त होकर बाप के जान देने का जोधपुर में यह सम्भवत: पहला मामला है। पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
-प्रफुल्ल कुमार, पुलिस कमिश्रर, जोधपुर