
ईद पर घरवाले लखनऊ गए, पीछे लाखों रुपए-जेवर चोरी
- महावीर नगर में सूने मकान में चोरों ने धावा बोला
जोधपुर.
देवनगर थानान्तर्गत पाल लिंक रोड के पास महावीर नगर स्थित सूने मकान के ताले तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए के जेवर व 1.45 लाख रुपए चुरा लिए। वारदात के दौरान घरवाले ईद मनाने लखनऊ में पिता के पास गए हुए थे।
पुलिस के अनुसार महावीर नगर निवासी जकी अहमद पुत्र जलील अहमद ईद के उपलक्ष में गत 18 जुलाई को परिवार सहित उत्तर प्रदेश के लखनऊ में पिता के घर गए थे। पीछे घर में कोई नहीं था। सभी परिजन 29 जुलाई को जोधपुर लौटे तो चौंक गए। मकान के दरवाजे खुले थे। सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारियां व लॉकर तोड़कर सोने की एक चेन, सोने की एक अंगूठी, दो नग कानों के टोपस, चांदी की एक जोड़ी पायल, 1.45 लाख रुपए व दो मोबाइल गायब थे। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। फिलहाल चोरों का पता नहीं लग पाया।