जोधपुर

रात सवा दो बजे मकान में आग, एक व्यक्ति जिंदा जला

- महिला व बच्चा अंदर फंसे, एक अन्य झुलसे को अस्पताल भेजा
less than 1 minute read
Dec 11, 2018
1

जोधपुर।
बनाड़ थानान्तर्गत नांदड़ा खुर्द गांव में सोडेर की ढाणी के सादों का बास में मकान के एक कमरे में सोमवार रात सवा दो बजे शॉर्ट सर्किट से लगी आग से एक व्यक्ति जिंदा जल गया। एक महिला व बच्चे के अंदर फंसे होने की सूचना है। गंभीर झुलसी हालत में एक अन्य को महात्मा गांधी अस्पताल भेजा गया है।

उप निरीक्षक हरिसिंह के अनुसार सादों का बास निवासी लक्ष्मण दास के मकान में रात सवा दो बजे शॉर्ट सर्किट से कमरे में आग लग गई। कमरे में महिला व बच्चे सहित चार जने सो रहे थे। बिस्तर व अन्य सामान चपेट में आने से आग भीषण हो गई और चारों जने आग से घिर गए।

वे मदद के लिए चिल्लाने लगे। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक कमरा पूरी तरह आग से घिर चुका था। कमरे में फंसे एक व्यक्ति लपटों से घिरा बाहर निकलने व बाकी दूसरों को भी बाहर निकालने का प्रयास करने लगा, लेकिन आग की भीषणता के चलते एक व्यक्ति कमरे के गेट पर ही जिंदा जल गया। जबकि एक अन्य को लोगों ने बाहर निकाल कर महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट भिजवाया।

क्षेत्रवासियों की सूचना पर पुलिस व दमकल मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। बिजली की आपूर्ति बंद करवाकर दमकलकर्मियों ने पानी डालकर मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

एक महिला व एक बच्चे के कमरे में फंसे होने की सूचना है, लेकिन कमरे में धुआं ही धुआं और अंधेरा होने की वजह से राहत कार्य में परेशानी हो रही है। रात्रि सवा तीन बजे तक महिला व बच्चे का पता नहीं लग पाया है। मृतक व झुलसे व्यक्ति के नाम नहीं मिल पाए हैं।

Published on:
11 Dec 2018 07:08 am