जोधपुर

चुनाव से एक माह पहले घमासान, छात्रों ने एसयूवी के कांच फोड़े

Student Union Election : जेएनवीयू के नए परिसर में मची अफरा-तफरी - पुलिस के पहुंचने के बाद कार पर पथराव, चार छात्र गिरफ्तार
2 min read
Jul 25, 2018
one month before the election, Fight Bitween students group
चुनाव से एक माह पहले घमासान, एसयूवी के कांच फोड़े

जोधपुर.

जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव अगले माह होने की संभावना है। चुनाव की तारीख की घोषणा भी नहीं हुई है, लेकिन प्रत्याशियों ने अभी से जोर-आजमाइश शुरू कर दी है। जेएनवीयू के नए परिसर में एक प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार से आक्रोशित कुछ छात्रों ने बुधवार दोपहर एक एसयूवी कार को घेर लिया और लाठियों से हमला कर कांच फोड़ डाले। इससे अफरा-तफरी सी मच गई। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर चार छात्रों को गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी अमित सिहाग के अनुसार विवि में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी का दावा कर रहे लक्षद्वीप सिंह के कुछ समर्थक दोपहर में एसयूवी में नए परिसर पहुंचे। तभी एक अन्य एसयूवी में सवार आधा दर्जन से अधिक छात्र आए और प्रचार कर रहे युवकों की एसयूवी को घेर लिया। लाठी व सरियों के साथ ही पत्थरों से एसयूवी के सभी कांच फोड़ डाले। इस दौरान चालक व एक-दो अन्य के कुछ चोट आई, जिन्हें नजदीक के अस्पताल ले जाया गया।

हमले से एकबारगी छात्र-छात्राओं में अफरा-तफरी सी मच गई। थानाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग-अलग कराया। पुलिस ने लक्षद्वीप सिंह की तरफ से हेमेन्द्र सिंह की शिकायत पर रास्ता रोककर मारपीट व वाहन में तोड़-फोड़ करने का मामला दर्ज किया है। चार छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हमलावर सुनील चौधरी के समर्थक बताए जाते हैं।

माहौल शांत होने के बाद फेंके पत्थर
पुलिस का कहना है कि तोड़-फोड़ की सूचना पर स्थिति शांत कर दोनों पक्षों को अलग-अलग कर दिया गया था। तभी सुनील के समर्थकों ने क्षतिग्रस्त एसयूवी पर फिर से पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस पर पुलिस ने चार छात्रों को हिरासत में लिया और थाने ले आई। बाद में पुलिस ने मूलत: नागौर में पांचोड़ी हाल न्यू कैम्पस में पीसी छात्रावास निवासी मांगूराम जाट पुत्र हनुमानराम, मेड़ता सिटी निवासी संपतराम पुत्र रामनिवास जाट, खेड़ापा निवासी विवेक पुत्र भगाराम जाट और मूलत: बोरून्दा हाल सारण नगर छात्रावास निवासी अर्जुनराम पुत्र सोहनलाल जाट को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

Published on:
25 Jul 2018 09:58 pm