
जोधपुर. भीतरी शहर के प्राचीन जलाशय Padamsagar तालाब में निकल रही जलदाय विभाग की पाइप लाइन जगह-जगह से फूट गई। पाइप लाइन पिछले चार-पांच दिन से फूटी हुई है, लेकिन जलदाय विभाग के कर्मचारी- अधिकारी इसकी सुध नहीं ले रहे। क्षेत्रवासी कमलेश शर्मा ने बताया कि इस संबंध में अभियंताओं को शिकायत भी दर्ज करवा दी है, उसके बावजूद कोई एक्शन नहीं लिया गया। क्षेत्रवासियों में चर्चा का विषय है कि बिना बारिश के ही पदमसर का ओटा Overflow हो जाएगा। यहां पाइप लाइन फूटी होने के चलते पचेटियां आदि क्षेत्रों में पानी धीमी गति से पहुंच रहा है। कई लोगों की शिकायत है कि उनके घर में काले रंग का पानी आ रहा है।
बदहाली के आंसू बहा रहा झालामंड का शांति नगर
न्यू हाईकोर्ट के समीप पाली रोड पर खसरा संख्या 5 का शांति नगर इन दिनों प्रशासनिक उपेक्षा की वजह से बदहाली के आंसू बहा रहा है। 100 से अधिक भूखंडों वाले इस नगर में सरकारी सेवा में कार्य करने वाले कर्मचारियों की संख्या अधिक है, लेकिन विकास के दावे यहां पर खोखले हैं।
कॉलोनी काटते समय कॉलोनाइजर ने लोगों से मूलभूत सुविधाओं का विकास कराने का वादा किया था लेकिन धरातल पर यहां लोग पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी तरस रहे हैं। ऐसे में लोगों को मुंह मांगे दामों पर पानी के टैंकर खरीदने पड़ रहे हैं। कॉलोनी में अभी तक पेयजल लाइन भी नहीं बिछाई जा सकी है।
मुख्य मार्ग पर खड़े हो जाते हैं वाहन
कॉलोनी में प्रवेश करने वाले मार्ग पर सड़क ही नहीं बनी है। इसके चलते बारिश के समय कॉलोनी के प्रवेश करने वाले रास्ते पर जलभराव हो जाता है। दुपहिया वाहन चालक चोटिल भी हो रहे हैं। इसके अलावा प्रवेश करने वाले रास्ते पर निजी मोटर्स कंपनी के वाहन खड़े हो जाते हैं। ऐसे में कॉलोनी में प्रवेश कर पाना भी मुश्किल होता है। यहां रह रहे लोगों ने बताया की सीवरेज पेयजल जैसी सुविधाओं को लेकर भी कई मर्तबा जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया लेकिन कोई भी समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।