फलोदी उपखंड क्षेत्र के श्रीलक्ष्मणनगर से गुजरने वाले भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह करीब 11:45 बजे एक बड़ा हादसा हो गया।
(फलोदी) जोधपुर। उपखंड क्षेत्र के श्रीलक्ष्मणनगर से गुजरने वाले भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह करीब 11:45 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। भारतमाला टोल प्लाजा से चाम्पासर की ओर करीब 300 मीटर दूर सड़क किनारे खड़े एथेनॉल ऑयल से भरे टैंकर को पीछे से पंजाब से गुजरात की ओर जा रहे चावल से भरे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।
सूत्रों के अनुसार टैंकर सुबह करीब 7 बजे तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर टैंकर में जा घुसा और बाद में डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद टैंकर में भरे एथेनॉल के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। ट्रेलर में लदा चावल भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। हालांकि दोनों वाहनों के चालकों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते अपनी जान बचा ली।
आग इतनी भयंकर थी कि इसकी लपटें 10 किलोमीटर से अधिक दूरी तक दिखाई दीं और जलते टायरों के धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही चाडी, श्रीलक्ष्मणनगर, सियोलनगर, खारिया और श्रीकृष्णनगर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। प्रशासन की ओर से तहसीलदार नारायणराम दहिया, नायब तहसीलदार राज बहादुर सिंह, भोजासर सीआई जमील खान और मतोडा थाना प्रभारी अमान राठौड़ सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
एक्सप्रेस-वे पर फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं होने के कारण दमकल को फलोदी जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर से बुलाना पड़ा, जो लगभग ढाई घंटे बाद मौके पर पहुंची। देरी से पहुंचने और दमकल में पर्याप्त पानी नहीं होने पर ग्रामीणों और ट्रक चालकों ने नाराजगी जताई। बाद में भारतमाला के दो टैंकर, पीएचडी विभाग के एक टैंकर और किसानों के नलकूपों से पानी मंगवाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हादसे के बाद आग की तेज लपटों और लगातार हो रहे धमाकों के कारण दोनों ओर का यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया। करीब चार घंटे बाद आग पर काबू पाने के पश्चात यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी। ग्रामीणों ने भारतमाला सड़क मार्ग पर फायर ब्रिगेड की स्थायी व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए यहां शीघ्र फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग की।