27 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान: नेशनल हाईवे पर पलटा तेल टैंकर, 200 मीटर तक फैली आग, एक जिंदा जला

Jalore Tanker Accident : जालोर जिले के सिवाड़ा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-68 पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण हादसा हो गया, जहां एक तेल टैंकर ओवरब्रिज पर पलटने के बाद आग की चपेट में आ गया।
2 min read
Google source verification

जालोर.नेशनल हाईवे पलटा तेल टैंकर, 200 मीटर तक फैली आग। फोटो पत्रिका नेटवर्क

जालोर। जिले के सिवाड़ा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-68 पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण हादसा हो गया, जहां एक तेल टैंकर ओवरब्रिज पर पलटने के बाद आग की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और हाईवे पर करीब 200 मीटर तक फैल गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सांचौर एसडीएम प्रमोद कुमार और सिंवाड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।

बाड़मेर से सांचौर की ओर जा रहा था टैंकर

जानकारी के अनुसार, टैंकर बाड़मेर से सांचौर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सिवाड़ा क्षेत्र के पास ओवरब्रिज पर अचानक संतुलन बिगड़ने से टैंकर पलट गया। पलटते ही उसमें आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों में भी दहशत फैल गई और कई लोग अपने वाहन रोककर दूर हट गए।

एक व्यक्ति की जिंदा जलने से मौत

हादसे में बाड़मेर के गुड़ामालानी के मोखावा निवासी चालक सुखराम मेघवाल (35) की मौत हो गई, जबकि नरसीराम मेघवाल निवासी गोलियां गर्वा ने टैंकर से कूदकर जान बचाई। नरसीराम मेघवाल को सिवाड़ा में प्राथमिक इलाज के लिए भर्ती किया गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और सांचौर एसडीएम प्रमोद कुमार, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।

घायल युवक बोला टैंकर में क्या था, मुझे नहीं पता

घायल नरसीराम ने बताया उसके मामा के लडक़े सुखराम के साथ वह गुड़ामालानी से टैंकर में बैठा था। इस दौरान सिवाड़ा के पास टैंकर पलट गया। टैंकर पलटते ही अचानक आग लग गई। बड़ी मशक्कत से बाहर निकला। ड्राइवर सुखराम गाड़ी में फंस गया। टैंकर में क्या था, मुझे पता नहीं है।

हाईवे के एक हिस्से पर यातायात रोका

आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन हाईवे के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया, ताकि कोई अन्य बड़ा हादसा न हो। फिलहाल टैंकर में भरे ज्वलनशील पदार्थ की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर गुजरात नंबर का बताया जा रहा है और यह भारत पेट्रोलियम से संबंधित हो सकता है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।