
सीसी रोड पर जमा रेत। फोटो- पत्रिका
बागोड़ा। सुराणा से आखरिया तक हाल ही में बनी सीसी सड़क पर डाली गई रेत अब वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। जानकारी के अनुसार करीब एक महीने पहले सुराणा स्टेट हाईवे से आखरिया तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी अटल प्रगति पथ सीसी सड़क का निर्माण करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपए की लागत से करवाया गया था। सड़क बनने के बाद लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब यही सड़क लापरवाही के चलते परेशानी का सबब बन गई है।
सड़क निर्माण के बाद सीसी सड़क की तराई के लिए ठेकेदार की ओर से सड़क पर रेत डाली गई थी। यह प्रक्रिया सड़क को मजबूत बनाने के लिए जरूरी होती है, लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी उक्त रेत को हटाने की जहमत नहीं उठाई गई। करीब एक महीने बीत जाने के बावजूद सड़क पर पड़ी रेत जस की तस बनी हुई है, जिससे आमजन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस स्थिति का सबसे ज्यादा असर दुपहिया वाहन चालकों पर पड़ रहा है। बाइक और स्कूटी सवारों को सड़क पर संतुलन बनाए रखने में कठिनाई हो रही है। कई बार अचानक वाहन फिसलने की स्थिति बन जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन चालक बाल-बाल बचे हैं, लेकिन यदि समय रहते रेत नहीं हटाई गई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। इनमें ग्रामीणों के साथ-साथ छात्र-छात्राएं और अन्य वाहन चालक भी शामिल हैं। सड़क पर फैली रेत के कारण वाहन चालकों को हर समय सतर्क रहना पड़ता है। खासकर रात के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि रेत साफ दिखाई नहीं देती और हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार से मांग की है कि सड़क पर डाली गई रेत को जल्द से जल्द हटवाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद इस तरह की लापरवाही से जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है, जो उचित नहीं है।
दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। रेत ज्यादा होने से खासकर बाइक चालकों को हादसे का डर सता रहा है।
सीसी रोड से रेत को नहीं हटवाया गया तो ठेकेदार को निर्देशित किया जाएगा। रेत को हटवा दिया जाएगा।
Updated on:
17 Mar 2026 02:47 pm
Published on:
17 Mar 2026 02:47 pm
